बसपा के बागी पूर्व मंत्री ने फूंका बिगुल, 25 को रैली
जागरण संवाददाता, कन्नौज : बसपा सरकार के दौरान प्रदेश में दर्जा प्राप्त मंत्री रहे सतीश पाल ने
जागरण संवाददाता, कन्नौज : बसपा सरकार के दौरान प्रदेश में दर्जा प्राप्त मंत्री रहे सतीश पाल ने बागी होने के बाद पार्टी को आईना दिखाने के लिए बिगुल फूंक दिया है। 25 मार्च को सुगंध नगरी के तिर्वा क्षेत्र में अन्नपूर्णा देवी मंदिर मैदान में अति पिछड़ों, दलितों को एकजुट करने के लिए रैली का एलान किया गया है। इसमें महाराष्ट्र सरकार के मंत्री व राष्ट्रीय समाज पार्टी के अध्यक्ष महादेव जानकर उनके साथ होंगे। जिले में दोनों नेता मिलकर दस्तक देंगे। इससे बसपा-सपा गठबंधन समेत अन्य दलों के समीकरण बिगड़ सकते हैं।
कन्नौज समाजवादी पार्टी का गढ़ समझा जाता है। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद पार्टी में मंथन का दौर है। हाल में लोकसभा उपचुनाव में सपा व बसपा के बीच अघोषित गठबंधन से गोरखपुर व फूलपुर लोकसभा सीटों पर मिली जीत से दोनों दलों के कार्यकर्ताओं व नेताओं में उत्साह है। 2019 में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव व सपा अध्यक्ष कन्नौज से लोकसभा का चुनाव लड़ने का एलान कर चुके हैं। इसी बीच बसपा के बागी पूर्व मंत्री सतीश पाल ने मैदान में ताल ठोंक दी है। राष्ट्रीय समाज पार्टी के अध्यक्ष महादेव जानकर को बतौर मुख्य अतिथि शामिल कर वह तिर्वा में 25 मार्च को रैली कर रहे हैं। इसमें अति पिछड़ा, दलित को एकजुट करने की कोशिश है। कन्नौज लोकसभा का असर कानपुर देहात, औरैया तक पड़ेगा। पूर्व मंत्री सतीश पाल का बिधूना, औरैया, कानपुर देहात की रसूलाबाद से लेकर बाकी क्षेत्र में पहले से पकड़ है। वह भाजपा के बड़े नेताओं के करीबी भी रह चुके हैं। इसके बाद प्रदेश में बसपा सरकार के दौरान वह दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री भी बनाए गए थे। बीच में बसपा प्रमुख से खटास बढ़ी तो समाज को जोड़ने के लिए वह निकल पड़े। अब 25 मार्च को तिर्वा में होने वाली उनकी रैली के लिए गांव-गांव समर्थक ताकत के साथ जुटे हैं। इसमें डॉ. अंबेडकर व महात्मा गांधी के पंचायती राज के सपने को साकार करने का मंत्र देने की तैयारी है। पूर्व मंत्री ने बताया कि रैली में दस हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा गया है।