टूटे पोल, लाइनें क्षतिग्रस्त, चरमराई बिजली व्यवस्था
- नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र को आपूर्ति देने वाले दोनों उपकेंद्र बंद - रात तक बिजली व्यवस्था बहाल ह
- नगर सहित ग्रामीण क्षेत्र को आपूर्ति देने वाले दोनों उपकेंद्र बंद
- रात तक बिजली व्यवस्था बहाल होने की अफसर नहीं दे पा रहे जानकारी
संवाद सहयोगी, छिबरामऊ: मौसम बिगड़ा तो बिजली व्यवस्था भी पटरी से उतर गई। जगह-जगह बिजली के पोल टूट गए। बिजली लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई।
छिबरामऊ में उपकेंद्र प्रथम से नगर के फीडर एक, दो, तीन, निगम मंडी व प्रेमपुर संचालित हो रहे हैं। वहीं उपकेंद्र द्वितीय से 100 शैया, पथरा व दीपक फीडर संचालित होते हैं। मौसम बिगड़ने के बाद करीब 25 पोल क्षतिग्रस्त हो गए। लाइनें भी टूट गई। ऐसे में सुबह 3.10 बजे से पंथरख फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। 4.45 बजे से दीपकपुर एवं 10.45 बजे से 100 शैया अस्पताल की आपूर्ति बंद हो गई। 11 बजे से फीडर एक, दो व तीन की सप्लाई भी प्रभावित हो गई। इससे पहले सुबह आठ बजे से ही प्रेमपुर की आपूर्ति भी बंद हो गई थी। निगम मंडी फीडर की सप्लाई भी लाइन क्षतिग्रस्त होने से प्रभावित हुई। दोनों उपकेंद्र बंद हो गए। ऐसे में करीब 700 गांव सहित नगर के 10,000 उपभोक्ता प्रभावित हुए। कर्मचारी टूटे पोल को हटाकर नए पुल का इंतजाम करने में लगे रहे। हालांकि आपूर्ति शुरू होने को लेकर अधिकारी कोई सही जानकारी उपलब्ध नहीं करा सके। जेई अजय अवस्थी ने बताया कि छिबरामऊ नगर के अंदर व चौराहे पर पेड़ टूटने से लाइन क्षतिग्रस्त हो गई हैं। पोल भी टूट गए हैं। ऐसे में आपूर्ति बहाल होने को लेकर अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है।
संवाद सूत्र तालग्राम के अनुसार गांव लालशहाय पुरवा में बिजली के पोल टूट गए। लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई। ऐसे में ताहपुर बिजली उपकेंद्र से जुड़े बरई फीडर की लाइन ब्रेक डाउन हो गई। दिनभर आपूर्ति बाधित रही। कर्मचारी बारिश की वजह से मरम्मत को नहीं पहुंच सके। अवर अभियंता जितेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश बंद होने के बाद पोल को बदलवाया जाएगा।
संवाद सूत्र सिकंदरपुर के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र में बिजली की लाइन ब्रेक डाउन हो गई। 45 गांव प्रभावित हो गए। पूरे दिन आपूर्ति नहीं मिल सकती। कई गांव में बिजली के पोल टूट गए। सुबह 6.30 बजे से ग्रामीण आपूर्ति शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
संवाद सूत्र कसावा के अनुसार बहवलपुर उपकेंद्र से कसावा व पलिया फीडर की आपूर्ति बाधित हो गई। 12 घंटे से 90 गांव में बिजली नहीं मिल सकी है। ऐसे में बहवलपुर, विशुनगढ़, खोजीपुर, कसावा व पलिया सहित सभी फीडर बंद हैं। कई बार कर्मियों ने आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया, लेकिन ट्रिपिग होती रही।