केला की खेती बर्बाद, पांच लाख का नुकसान
- बारिश व हवा से किसवापुर में टूटे करीब एक हजार पेड़ - किसान को लगा झटका लगे थे
- बारिश व हवा से किसवापुर में टूटे करीब एक हजार पेड़
- किसान को लगा झटका, लगे थे कच्चे व पक्के फल
जागरण संवाददाता, कन्नौज : बारिश व हवा से किसवापुर में एक किसान की केला की खेती बर्बाद हो गई है। कच्चे व पक्के फल लगे करीब एक हजार पेड़ टूटकर गिर गए हैं। इस आपदा से किसान को पांच लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है।
जलालाबाद ब्लाक के ग्राम किसवापुर में किसान सचिन कटियार ने चार एकड़ क्षेत्रफल में केला की खेती की है। करीब चार हजार केला के पेड़ लगे थे। अधिकांश में कच्चे व पक्के फल तैयार हो रहे थे, जो गुरुवार व शुक्रवार को बारिश से बर्बाद हो गए हैं। खेत में पानी भरने व तेज हवा से करीब एक हजार पेड़ गिर टूट गए हैं। इससे किसान को काफी नुकसान हुआ है। फल भी गिरकर बर्बाद हो गए हैं। सचिन ने बताया कि करीब एक हजार पेड़ नष्ट हुए हैं, जिसमें काफी हद तक तक फल तैयार हो चुके थे। इस कारण करीब पांच लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। फसल बीमा या कोई अन्य योजना न होने के कारण भरपाई करना मुश्किल होगा।
दूसरे साल में ही हो गया नुकसान
सचिन प्रगतिशील किसान हैं, और उद्यान मंत्री श्रीराम चौहान से सम्मानित हो चुके हैं। उन्होंने परंपरागत आलू, धान, मक्का व गेहूं से हटकर आय दोगुनी करने के मकसद से केला की खेती पिछले वर्ष की थी। सचिन के मुताबिक चार एकड़ में करीब चार हजार केला के पेड़ तैयार किए थे, जिसमें पहले वर्ष लागत निकालकर दस लाख रुपये आमदनी हुई थी। लखनऊ, आगरा व कानपुर की मंडियों में केला बिक्री की थी। इसी तरह इस वर्ष काफी मेहनत फल तैयार किए थे।