शादी के 14 दिन बाद ही झगड़कर दंपती ने दी जान
जागरण संवाददाता कन्नौज शादी के महज 14 दिन बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में दंपती ने फंदा ल
जागरण संवाददाता, कन्नौज : शादी के महज 14 दिन बाद ही संदिग्ध परिस्थितियों में दंपती ने फंदा लगाकर जान दे दी। गुरुवार देर रात कमरे में सोने के लिए जाने के बाद शुक्रवार सुबह शव लटके मिले। इस आत्मघाती कदम के पीछे आपस में हुआ विवाद बताया जा रहा है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सदिकापुर भुड़िया गांव निवासी स्व. रमेश के बेटे 21 वर्षीय संजय की शादी 18 जून 2021 को गांव कुसुमखोर निवासी शिवांकी के साथ हुई थी। स्वजन के मुताबिक, गुरुवार रात दोनों लोग खाना खाने के बाद सोने के लिए कमरे में चले गए। शुक्रवार सुबह संजय की मां सुरोमा देवी खेत में पिपरमेंट की फसल काटने चली गई। इधर, देर तक दोनों के बाहर नहीं आने पर 11 वर्षीय भाई राहुल ने दरवाजा खटखटाने के साथ ही आवाज दी। कोई हलचल नहीं होने पर उसने खिड़की से झांक कर देखा तो छत के कुंडे के सहारे दोनों के शव फंदे से लटकते दिखे। घबराया हुआ राहुल घर से बाहर भागा और पड़ोसियों को बताया। आसपास के लोगों ने पहुंचकर कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर पहुंचने पर शिवांकी का शव दुपट्टे के फंदे से और संजय का रस्सी के सहारे लटकता मिला। मां सुरोमा देवी को सूचना दी गई। ग्रामीणों के मुताबिक, संजय मजदूरी कर गुजर-बसर करता था। चौकी प्रभारी जमाल खां ने बताया कि संजय दो दिन पहले ही शिवांकी को मायके से लेकर आया था। चाचा हरीराम की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर स्थिति स्पष्ट होगी। आशंका है कि रात में दोनों के बीच विवाद हुआ और फिर खुदकुशी कर ली।