1.13 लाख बच्चों ने पी दो बूंद जिदगी की
जागरण संवाददाता कन्नौज जिले में रविवार को 826 बूथों पर 0 से 5 साल तक के बच्चों को पोलियो
जागरण संवाददाता, कन्नौज : जिले में रविवार को 826 बूथों पर 0 से 5 साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। शाम तक 1,13,905 बच्चों ने दो बूंद जिदगी की पी। अब सोमवार से डोर टू डोर अभियान चलाया जाएगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रमेश चंद्रा ने बताया कि पल्स पोलियो अभियान का आगाज जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गोवर्धन लाल कनौजिया ने किया। इससे पहले पांच अगस्त को जिले में पोलियो अभियान चलाया गया था। उन्होंने बताया कि 27 मार्च 2014 को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भारत को पोलियो मुक्त घोषित किया था। 13 जनवरी 2011 के बाद भारत में कहीं भी पोलियो का केस आज तक नहीं मिला। पाकिस्तान और अफगानिस्तान में अभी भी पोलियो का वायरस मौजूद है। कई लोगों का यहां से आना जाना लगा रहता है। इसलिए देश भर में एहतियात के तौर पर 10 मार्च को यह अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि सोमवार से टीमें घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगीं, जिससे जिले में कोई बच्चा छूट न पाए।