महिलाएं वोट की ताकत को समझें: कुलपति
जागरण संवाददाता मल्हनी (जौनपुर) वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर): वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार में गुरुवार को महिला मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। व्यावसायिक अर्थशास्त्र विभाग के इस कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर निर्मला एस मौर्या ने कहा कि शास्त्रों में नारियां पूज्यनीय मानी जाती हैं। महिलाओं को सकारात्मक सोच रखने और अपनी ताकत को पहचानने की जरूरत है, तभी वह समाज में आगे जा सकती हैं।
उन्होंने अभिभावकों से कहा कि वह अपने बच्चों को सोचने-समझने का मौका दें। उन्हें विचारों की आजादी दें तभी वह समाज के लिए कुछ अच्छा कर सकते हैं। विशिष्ट अतिथि आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डाक्टर अंकिता राज ने कहा कि महिलाओं को अपनी सोच और समझ के साथ मतदान में हिस्सा लेना चाहिए, क्योंकि यह निर्णय एक दिन का नहीं पूरे पांच साल का होता है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वह अपनी अलग पहचान बनाएं। इस अवसर पर शिवम सिंह, कार्तिक सेठी और करने सिंह समेत कई विद्यार्थियों ने विचार व्यक्त किया। इसके बाद मतदाता जागरूकता के संदर्भ में नाटक का मंचन किया गया और सभी मतदाताओं को कुलपति ने शपथ दिलाई। नाटक में महजबीन, जिया, वैष्णवी सोनी, आदित्य मोदनवाल रिया हर्षिता सौम्या समेत दर्जनों छात्राओं ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रधान अध्ययन संकाय के पूर्व डीन प्रोफेसर मानस पांडेय ने आभार जताया। अतिथियों का स्वागत फिरदौस फातिमा, संचालन शिफा अरसद, रीतिका और धन्यवाद ज्ञापन आस्था पांडेय ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर वंदना राय, प्रोफेसर देवराज सिंह, नूपुर गोयल, आशुतोष सिंह, मुराद अली, गिरधर मिश्र, अनु त्यागी, सुनील कुमार, इंद्रेश गंगवार आदि उपस्थित रहे।