अखंड सौभाग्य के लिए महिलाओं ने रखा निराजल व्रत
पति के दीर्घायु की कामना से सुहागिनों ने गुरुवार को करवा चौथ का निराजल व्रत रखा। सोलहों श्रृंगार से सज-धजकर विधि-विधान से पूजा-पाठ किया। रात के पहले पहर में चंद्रमा के उदय के बाद चलनी की आड़ से पति का दीदार कर पूजन-अर्चन के बाद निर्जला व्रत तोड़कर प्रसाद ग्रहण किया। पर्व पर एक दूसरे व पति के साथ सेल्फी लेने की भी होड़ दिखी।
जागरण संवाददाता, जौनपुर : पति की दीर्घायु की कामना के साथ सुहागिनों ने गुरुवार को पूरे दिन करवा चौथ का निराजल व्रत रखा। शाम को सोलहों श्रृंगार से सज-धजकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। रात के पहले पहर में चंद्रमा के उदय के बाद चलनी से दर्शन कर अर्घ्य दिया। इसके बाद पति का दीदार कर उनके ही हाथों से पानी पीकर व प्रसाद ग्रहण कर व्रत का पारण किया। इस दौरान व्रतियों में पति के साथ सेल्फी लेने की भी होड़ सी दिखी।
व्रती महिलाओं ने सायंकाल स्नान करके नया वस्त्र धारण किया। घर के आंगन व छत पर गाय के गोबर से पोताई करते आटा से चौक बनाईं। इसके बाद करवा पर पूसा (सरई) रखकर शिव, पार्वती, गणेश व कार्तिकेय की तस्वीर रखकर नए चावल, कुश व पूजन सामग्री के साथ परंपरानुसार समूह में बैठकर शिव-गौरी का पूजन कर चंद्रमा को अर्घ्य दिया।
कार्तिक मास में कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को सुहागिन महिलाएं अपने पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखती हैं। यह करवा चौथ के नाम से जाना जाता है। नगर के पंजाबी समुदाय की महिलाओं ने पंजाबी कालोनी व हमाम दरवाजा स्थित सेठी कालोनी, शिवाजी कालोनी, ईशापुर आदि मोहल्लों व ग्रामीण अंचलों में सामूहिक रूप से पूजन कर घर के बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया।
सुहागिन महिलाओं व रिश्ता तय होने वाली लकड़ियों ने करवा चौथ का निराजल व्रत रखा और पूजा-पाठ के साथ शाम को व्रत का पारण किया। देरशाम को चंद्रमा के दर्शन के बाद पहले चांद को देखकर उसके बाद पति के मुखड़े का दीदार कर उन्हीं के हाथों जल ग्रहण कर पंरपरा निभाई। मान्यता है कि सूर्योदय से चन्द्रोदय तक रहने वाला यह व्रत केवल जल ग्रहण करके रखा जाता है जिसका पारण पति द्वारा पानी पिलाने के बाद ही होता है। इसके बाद घर में बने पकवान को ग्रहण किया जाता है। इसके बाद घर में बने पकवान को ग्रहण किया। वीडियो कालिग कर होने वाले पति का किया दीदार
नगर के शिवाजी कालोनी निवासी अंशिता बंधवा ने सगाई के बाद होने वाले पति के दीर्घायु के लिए पहला व्रत रखा। दिनभर निराजल व्रत रखने के बाद वीडियो कालिग कर पति के दीदार करने के उपरांत जल ग्रहण किया।