चलनी से चांद का दीदार कर पति के दीर्घायु की कामना
जागरण संवाददाता जौनपुर पति के दीर्घायु की कामना के साथ सुहागिनों ने बुधवार को पूरे दिन
जागरण संवाददाता, जौनपुर : पति के दीर्घायु की कामना के साथ सुहागिनों ने बुधवार को पूरे दिन करवा चौथ का निराजल व्रत रखा। सोलहों श्रृंगार कर विधि-विधान से भगवान शिव व माता गौरी का पूजन कर चंद्रमा को अर्घ्य दिया। इसके साथ ही चलनी से पहले चांद फिर पति का दीदार कर पति के दीर्घायु की कामना करते हुए उन्हीं के हाथों पानी पीकर व्रत का पारण किया। इसके बाद घर में बने पकवान को ग्रहण किया। इस दौरान पति के साथ सेल्फी लेकर अपने सगे-संबंधियों को भेजा।
पूरे दिन निर्जला व्रत रखकर महिलाओं ने सायंकाल स्नान कर सोलहों श्रृंगार करते हुए नया वस्त्र धारण किया। इसके साथ ही घर के आंगन व छत पर गाय के गोबर से पोताई कर आटा से चौक बनाया। इसके बाद करवा पर पूसा (सरई) रखकर भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश व कार्तिकेय की तस्वीर रखकर नए चावल, कुश व पूजन सामग्री के साथ परंपरानुसार समूह में बैठकर पूजन किया और चंद्रमा को अर्घ्य दिया। इस दौरान पंजाबी समुदाय की महिलाओं ने पंजाबी कालोनी, हमाम दरवाजा स्थित शिवाजी कालोनी व सेठी कालोनी में सामूहिक रूप से पूजन कर घर के बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद घर की छतों पर जाकर चलनी से पहले चांद फिर पति का दीदार किया। इसके साथ ही सेल्फी लिया।