सफाई कर्मियों की स्थानांतरण सूची होगी संशोधित
बड़ी तादाद में हुए सफाई कर्मियों के स्थानांतरण सूची को विसंगति पू
जागरण संवाददाता, जौनपुर: बड़ी तादाद में हुए सफाई कर्मियों के स्थानांतरण सूची को विसंगति पूर्ण मानते हुए उसकी जांचकर संशोधन की जाए। उक्त निर्देश मुख्य विकास अधिकारी अनुपम शुक्ल ने मंगलवार को डीपीआरओ संतोष कुमार को दिया। उन्होंने दो वर्ष से लंबित चल रही एसीपी को एक सप्ताह के अंदर लगाने का भी निर्देश दिया।
उक्त निर्देश उन्होंने स्थानांतरण के विरोध में दो दिनों से धरना दे रहे सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों से वार्ता के दौरान दिया। कर्मचारी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल में शामिल ग्राम पंचायत अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष डाक्टर प्रदीप सिंह ने बताया कि वार्ता के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने 70 से अधिक मृतक आश्रित सफाई कर्मचारियों की पारिवारिक पेंशन स्वीकृत किए जाने का भी डीपीआरओ को निर्देश दिया गया है। इस द्विपक्षीय वार्ता के बाद ग्राम पंचायत राज सफाई कर्मचारी संघ एवं पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ का धरना-प्रदर्शन समाप्त हो गया। वार्ता के दौरान अतिरिक्त उपजिलाधिकारी अनुराग, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के संरक्षक सीबी सिंह, चंद्रशेखर सिंह, ग्राम विकास अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष फूलचंद कनौजिया, संजय कुमार चौधरी, अमर बहादुर यादव, शिव कुमार यादव, रामलाल पाल, अजय सिंह, शिवहरि सिंह आदि मौजूद थे।