घर में घुसे चोर समेट ले गए नकदी समेत डेढ़ लाख की संपत्ति
जागरण संवाददाता जौनपुर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार की रात एक घ्
जागरण संवाददाता, जौनपुर : चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। सोमवार की रात एक घर और विद्यालय से चोर दो लाख रुपये मूल्य से अधिक की संपत्ति समेट ले गए। संबंधित थानों की पुलिस छानबीन कर रही है। वहीं चोरी की घटनाओं से लोगों में आक्रोश व्याप्त होता जा रहा है। पुलिस की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आती जा रही है।
मड़ियाहूं नगर के मिश्राना वार्ड स्थित सदानंद विश्वकर्मा घर में ताला लगाकर सपरिवार वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। इस दौरान घर में सिर्फ उनकी मां व चाची थीं। पीछे से छत पर चढ़कर घर में पहुंचे चोर कमरे में अलमीरा में रखे दो लैपटाप, आभूषण, कपड़े व 20 हजार रुपये समेट लिए। इस दौरान आहट होने पर सदानंद की मां की नींद खुल गई और बाहर निकलकर उन्होंने शोर मचाया। इसके बाद चोर छत से कूदकर भाग निकले। इसके बाद रात डेढ़ बजे निमंत्रण कर लौटे सदानंद को मां ने घटना की जानकारी दी। सदानंद के अनुसार करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य की नकदी समेत करीब डेढ़ लाख की संपत्ति चोरी हुई है।
उधर, सुरेरी थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पाल्हनपुर ताले चटकाकर घुसे चोर सबमर्सिबल पंप का स्टार्टर, फर्नीचर, बर्तन, पांच पंखे, खेल के सामान आदि उठा ले गए। मंगलवार की सुबह ताले टूटे देख प्रधानाध्यापक राजेंद्र प्रसाद यादव चकरा गए। इसके बाद घटना की सूचना ग्राम प्रधान व पुलिस को दी। थाना प्रभारी निरीक्षक मुन्ना राम धुसिया ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।