मुंबई से प्रेमी के घर पहुंची महिला ने किया हंगामा
जागरण संवाददाता सिरकोनी (जौनपुर) शादी करने की बात पता चलने पर मुंबई से बुधवार को प्रेम
जागरण संवाददाता, सिरकोनी (जौनपुर): शादी करने की बात पता चलने पर मुंबई से बुधवार को प्रेमी के घर जलालपुर थाना क्षेत्र के रमसापुर गांव पहुंची प्रेमिका ने साथ चलने की जिद करते हुए जमकर हंगामा किया। उसके तेवर तब नरम पड़े और वह लौटने को राजी हुई जब प्रेमी के स्वजन ने उसे भरोसा दिलाया कि वह दो महीने बाद मुंबई जाकर उसके साथ रहेगा।
उक्त गांव का एक अविवाहित युवक करीब आठ वर्षों से विरार (मुंबई) में रहकर पेंटर का कार्य करता था। वहां वह जिस किराए के कमरे में रहता था उसकी मालकिन 40 वर्षीय महिला है। उसके पति का देहांत हो चुका है। उक्त युवक से उसकी अंतरंगता बढ़ती गई और दोनों साथ रहने व जीने-मरने की कसम खाने लगे। इधर, स्वजन उसकी शादी की बात चला रहे थे। यह बात उसने अपनी प्रेमिका को बता दी। वह उससे बार-बार मुंबई लौट आने को कहने लगी। वह नहीं गया तो प्रेमिका एक अन्य महिला के साथ उसके घर धमक पड़ी। पहुंचते ही उसने युवक से अपने प्रेम प्रसंग की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोग समझाने का प्रयास कर रहे थे, कितु वह किसी की नहीं सुन रही थी। तब युवक के स्वजन ने उसे भरोसा दिलाया कि वह दो माह बाद फिर मुंबई जाकर उसके साथ ही रहेगा। इस पर उसका गुस्सा शांत तो हो गया।