कुलसचिव ने सरकार बदलने पर अंजाम भुगतने की दी धमकी, भड़के कर्मचारी
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलसचिव व कर्मचारी संघ के विवाद का मामला बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि कुलसचिव ने धमकी दी है कि सरकार बदलने वाली है सबकुछ ठीक कर दूंगा। संघ के लोगों ने कुलसचिव की इस धमकी से कुलपति को अवगत कराया है।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर) : वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलसचिव व कर्मचारी संघ के विवाद का मामला बढ़ता जा रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि कुलसचिव ने धमकी दी है कि सरकार बदलने वाली है, सबकुछ ठीक कर दूंगा। संघ के लोगों ने कुलसचिव की इस धमकी से कुलपति को अवगत कराया है।
पूर्वांचल विश्वविद्यालय शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ का प्रतिनिधिमंडल विश्वविद्यालय कर्मचारियों की लंबित समस्याओं पर वार्ता के लिए कुलसचिव के कक्ष में शुक्रवार को पहुंचा था। आरोप है कि कुलसचिव ने कर्मचारी समस्याओं पर वार्ता न कर कर्मचारी नेताओं से असंसदीय भाषा का प्रयोग करते हुए कहा गया कि हम किसी संघ को नहीं मानते तथा कर्मचारी नेताओं से नाम, पद व विभाग का नाम पूछकर भय का माहौल बनाने का प्रयास करते हुए यहां तक कहा कि सरकार बदलने वाली है, तब बताता हूं। कुलसचिव के व्यवहार से विश्वविद्यालय के कर्मचारियों में आक्रोश है।
कर्मचारी संघ ने रोष जताते हुए कहा कि यदि विश्वविद्यालय का कार्य प्रभावित होता है तो समस्त जिम्मेदारी कुलसचिव महेंद्र कुमार की होगी। कर्मचारी संघ ने कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्या को मामले से अवगत करा दिया है। इस संबंध में कुलसचिव महेंद्र कुमार ने कहा कि आरोप बेबुनियाद है। कुछ कर्मचारियों पर अनुशासनहीनता की कार्रवाई की गई। ऐसे में यह लोग झूठा आरोप लगा रहे हैं।