गजब है पुलिस, श्रीगणेश प्रतिमा को घर से लिया कब्जे में
गणेशोत्सव के मौके पर घर में स्थापित की गई रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान गणेश की प्रतिमा को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इसे लेकर भक्तों में काफी आक्रोश व्याप्त है। वहीं पुलिस चौकी प्रभारी का कहना है कि यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई है।
सुरेरी (जौनपुर): गणेशोत्सव के मौके पर घर में स्थापित की गई रिद्धि-सिद्धि के दाता भगवान गणेश की प्रतिमा को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। इसे लेकर भक्तों में काफी आक्रोश व्याप्त है। वहीं पुलिस चौकी प्रभारी का कहना है कि यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई है।
उक्त गांव निवासी सुभाष तिवारी गणेशोत्सव पर अपने घर में प्रतिमा स्थापित कर पूजन-अर्चन कर रहे थे। किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। जमालापुर पुलिस चौकी प्रभारी ने सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंचकर घर के अंदर से प्रतिमा को कब्जे में ले लिया। इसकी जानकारी होते ही श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त हो गया। सुभाष तिवारी का कहना है कि उन्होंने प्रतिमा की स्थापना अपने घर के भीतर की थी, किसी सार्वजनिक स्थान पर नहीं। पंडाल भी नहीं लगाया गया था। शारीरिक दूरी का पालन करते हुए सिर्फ स्वजन ही मौजूद थे। कोई बाहरी व्यक्ति नहीं था। इसके बावजूद पुलिस का प्रतिमा को कब्जे में लेना समझ से बाहर है। इस बारे में पूछने पर चौकी इंचार्ज ईश्वर चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के मद्देनजर शासन का स्पष्ट आदेश है कि कहीं भी प्रतिमा की स्थापना न की जाए। इसकी अनदेखी करते हुए प्रतिमा की स्थापना की गई थी। प्रतिमा कब्जे में लेने की कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देश पर की गई है।