कुएं में मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप
जागरण संवाददाता बरसठी (जौनपुर) खरगापुर (खोइरी) गांव में शनिवार की सुबह विवाहिता क
जागरण संवाददाता, बरसठी (जौनपुर): खरगापुर (खोइरी) गांव में शनिवार की सुबह विवाहिता का कुएं में शव मिलने से सनसनी फैल गई। वह घर से दो दिन से लापता थी। मृतका के मायके वालों ने छह ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
उक्त गांव निवासी संदीप शुक्ल की पत्नी पिकी (24) का शव कुएं में देखकर किसी ने शोर मचाया। मृतका पड़ोसी जिले भदोही के सुरियावां थाना क्षेत्र के हरजूपुर गांव निवासी दिनेश चंद्र मिश्र की पुत्री थी। उसकी शादी वर्ष 2018 में हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को मृतका के स्वजनों ने बताया कि वह दो दिन से घर से लापता थी। उसके पति ने थाने में उसी दिन गुमशुदगी की सूचना दी थी। खबर लगने पर आए मृतका के भाई पिता अमित मिश्र ने थाने में तहरीर दी। उनके मुताबिक शादी के समय हैसियत के अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुरालीजन दहेज में नकद दो लाख रुपये की मांग करते हुए पिकी को प्रताड़ित करते थे। मांग पूरी न होने पर उसे मारकर कुएं में फेंक दिया। तहरीर में आरोपित के तौर पर पति, सास, जेठ, ननद व दो देवरों को नामजद किया गया है। सीओ राजेंद्र कुमार व नायब तहसीलदार संतोष सिंह की मौजूदगी में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।