अलग-अलग स्थानों पर चले लाठी-डंडे, 41 हुए घायल
कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे के बीच लॉकडाउन में हिसक झड़पों की खबरें भी बेतहाशा बढ़ गई हैं। कहीं आम तोड़ने कहीं भूमि विवाद तो कहीं पुरानी रंजिश को लेकर लाठियां चटकने से 41 लोग घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच लॉकडाउन में हिसक झड़पों में बेतहाशा वृद्धि हो गई हैं। 24 घंटे के अंतराल में कहीं आम तोड़ने, कहीं भूमि विवाद तो कहीं पुरानी रंजिश को लेकर लाठियां चटकने से 41 लोग घायल हो गए। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
बरसठी प्रतिनिधि के अनुसार: थाना क्षेत्र के चक नरायनपुर गांव में शनिवार को आम तोड़ने के विवाद में संजय यादव व सूबेदार यादव के परिजनों में लाठी-डंडे चले। एक पक्ष के संजय यादव, देवेंद्र यादव, सुरसत्ती देवी, अशोक यादव, हीरावती यादव, जितेंद्र यादव व दूसरे पक्ष की पूजा, सूबेदार, मनोज, इनराजी, नवीन कुमार व राज कुमार घायल हो गए। पुलिस ने सभी को इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए संजय यादव व पूजा को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
केराकत प्रतिनिधि के अनुसार: लकठेपुर गांव निवासी रामसमुझ गौड़ ने गांव के ही फूलचंद भूसा बेचा था लेन-देन को लेकर विवाद में दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। जमकर लाठी-डंडे चलने से एक पक्ष के जित्तू गौड़, रामसमुझ, रीमा, हेमलता, ज्योति, सुशीला, जितेंद्र, अमित जबकि दूसरे पक्ष के पिटू, माधुरी, सुमित्रा व सीमा घायल हो गई। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जित्तू को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
सुरेरी प्रतिनिधि के अनुसार: थाना क्षेत्र के करौंदी गांव निवासी दया शंकर सिंह व योगेश सिंह के काफी समय से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर हुई मारपीट हो गई। दयाशंकर सिंह का आरोप है कि योगेश सिंह, राजदेव सिंह, प्रह्लाद सिंह, वीरेंद्र सिंह, गुड्डू सिंह आदि असलहे के बल पर घर में घुसकर छेड़खानी कर लूटपाट करने लगे विरोध करने पर हमला कर दिया। हमले में मनोज सिंह, गुनगुन, हरिवंश सिंह को गंभीर चोटे आई। पुलिस ने घायलों को ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया। मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार: कोतवाली क्षेत्र के खाखोपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर लाठियां चटकने से एक पक्ष के पंकज यादव, प्रशांत यादव, संजय यादव, अजय यादव व किशन यादव तो दूसरे पक्ष के शीतला प्रसाद व राकेश यादव घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति भंग में चालान कर दिया।
जफराबाद प्रतिनिधि के अनुसार: शाह का पंजा में भूमि विवाद को लेकर लाठी-डंडे चलने से एक पक्ष के नफीस, जुल्फेकार, नदीम व दूसरे पक्ष के रज्जाक, सुहेल व मुन्नू घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।