नर्सिंग होम के सात कर्मचारी मिले संक्रमित, अस्पताल सील
जागरण संवाददाता जौनपुर वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण का वाहक बन रहे जनपद के प्रा
जागरण संवाददाता, जौनपुर: वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण का वाहक बन रहे जनपद के प्राइवेट अस्पताल बने नजर आ रहे हैं। यहां लापरवाही का आलम यह है कि आदेश के बावजूद जांच न कराकर कोरोना पाजिटिव कर्मचारियों से काम ले रहे हैं। जिलाधिकारी के आदेश पर हो रही जांच में खामी उजागर हो रही है। शनिवार को परीक्षण में नगर के एक प्राइवेट अस्पताल के सात कर्मचारी संक्रमित मिले। इससे पूर्व भी एक अस्पताल के सात कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।
नगर के जेसीज चौराहा स्थित एक अस्पताल के सात कर्मचारियों के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद जिलाधिकारी के आदेश पर दूसरे दिन भी आठ अस्पतालों के कर्मचारियों का परीक्षण किया गया। नईगंज स्थित एक हड्डी के अस्पताल के सात कर्मचारियों समेत 10 स्वास्थ्य कर्मी कोरोना पॉजिटिव मिले। अस्पताल को सील कर दिया गया है। जनपद में स्वस्थ हुए 47 लोगों को छुट्टी दी गई वहीं 49 नए मरीज मिले हैं। जिले में पीड़ितों का आंकड़ा बढ़कर 4388 पहुंच गया है, लेकिन सक्रिय मरीज सिर्फ 490 हैं। अब तक 3841 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बदलापुर में हुई जांच में पंचायत सचिव सहित सात लोग पॉजिटिव पाए गए। अधीक्षक डा. संजय दुबे ने बताया कि 52 लोगों की एंटीजन किट से जांच की गई। जिसमें बरौली निवासी पाजिटिव आए व्यक्ति के परिवार के तीन लोग संक्रमित पाए गए। वहीं हरिदासपट्टी निवासी पंचायत सचिव व उनके भाई संक्रमिल मिले। इसके अलावा गढ़ा गोपालापुर व सम्मनपुर के एक-एक व्यक्ति संक्रमित मिले। महराजगंज विकास खंड के शेखपुर खुटहनी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए विशेष शिविर में 38 लोगों की जांच की गई, 18 लोगों की जांच एंटीजन किट से की गई जिसमें कोई भी संक्रमित नहीं पाया गया। पंवारा थाना क्षेत्र के ऊंचडीह में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मछलीशहर की टीम ने 80 लोगों का आरटीपीसीआर जांच हेतु सैम्पल लिया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहगंज पर एंटीजन रैपिड किट से कुल 41 लोगों की कोरोना संक्रमण की जांच की गई। जिसमें तीन व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह जानकारी चिकित्सा अधीक्षक डा. यूके सान्याल ने दी। बक्शा विकास खंड के बरबसपुर गांव में 22 लोगों की जांच की गई। अधीक्षक डा. एसके पटेल ने बताया कोई भी पॉजिटिव नहीं मिला।