जौनपुर में अलसुबह जारी हुई पंचायत चुनाव की आरक्षण सूची, अनंतिम सूची के बाद ली जाएंगी आपत्तियां
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण की अनंतिम सूची रविवार की अलसुबह जारी कर दी गई। इसके लिए शनिवार की देररात तक डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति की तरफ से बकायदा इसका मिलान किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी के हस्ताक्षर के बाद सूची जारी की गई।
जौनपुर, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण की अनंतिम सूची रविवार की अलसुबह जारी कर दी गई। इसके लिए शनिवार की देररात तक डीएम की अध्यक्षता में गठित समिति की तरफ से बकायदा इसका मिलान किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी के हस्ताक्षर के बाद सूची जारी की गई। जारी सूची में ब्लाक प्रमुख के 21, जिला पंचायत सदस्य के 83, प्रधान के 1740 व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के 2027, ग्राम पंचायत सदस्यों के 21 हजार 729 पदों का आरक्षण शामिल है। सूची को शनिवार को दोपहर से देररात तक विकास भवन व कलेक्ट्रेट में गहमा-गहमी का माहौल रहा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए विभिन्न पदों पर होने वाले चुनाव के लिए सीट आवंटन की अनंतिम प्रक्रिया पूरी कर ली गई। लंबे जद्दोजहद के बाद जिला प्रशासन ने संशोधित अनंतिम सूची जारी की गई। सूची के प्रकाशन के बाद जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। हाईकोर्ट के आदेश के बाद 2015 के आरक्षण के आधार पर राज्य निर्वाचन आयोग से निर्धारित गाइड लाइन के मुताबिक आरक्षण तय करने का काम शुरू हुआ था। जिसके मुताबिक आरक्षण निर्धारण का कार्य पूर्ण कर 20 से 23 मार्च तक अनंतिम सूची का प्रकाशन किए जाने का आदेश दिया गया था। जिसका पालन करने में जिला पंचायत राज विभाग जुटा रहा। वहीं 23 मार्च तक आपत्ति ली जाएगी। 24 से 25 मार्च तक जिला पंचायत राज कार्यालय में आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 26 मार्च को आरक्षण सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।