युवक पर जानलेवा हमला से आक्रोश
गत आठ अगस्त को हुई मारपीट की रंजिश में रविवार को अहमदपुर गांव निवासी युवक पर जानलेवा हमले के बाद नगर का माहौल एक बार फिर गरमा गया है। दोनों गांवों के बीच तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस का रवैया किसी बड़ी घटना का कारण बन सकता है।
जागरण संवाददाता, जफराबाद (जौनपुर): गत आठ अगस्त को हुई मारपीट की रंजिश में रविवार को अहमदपुर गांव निवासी युवक पर जानलेवा हमले के बाद नगर का माहौल एक बार फिर गरमा गया है। दोनों गांवों के बीच तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस का रवैया किसी बड़ी घटना का कारण बन सकता है।
आठ अगस्त को जफराबाद नगर पंचायत के टेंपो स्टैंड के पास अहमदपुर व दरीबा गांव के युवकों में मारपीट हो गई थी। दरीबा गांव के लोगों ने रास्ता जाम कर दिया था। अगले दिन अहमदपुर गांव के 20 आरोपितों के खिलाफ थाना पुलिस ने बलवा का मुकदमा दर्ज किया था। इसी मामले में जफराबाद पुलिस चौकी पर तैनात दो सिपाहियों विनोद कुमार सिंह व राणा सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया था। रविवार को अहमदपुर गांव का शुभांशु सिंह बाइक से हौज गांव जा रहा था। रास्ते में दरीबा गांव के कुछ दबंग युवकों ने उसी रंजिश को लेकर रोककर शुभांशु पर धारदार हथियार व लाठी-डंडे से हमलाकर बुरी तरह से घायल कर दिया। हमलावर फरार हो गए। सड़क किनारे बेहोश पड़े शुभांशु को लोगों ने जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया।
घटना की जानकारी होते ही अहमदपुर गांव के लोग भारी संख्या में थाने पर पहुंच गए। घायल के पिता राजेश सिंह की तहरीर पर पुलिस ने दरीबा गांव के पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना से अहमदपुर के गांव के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए जफराबाद बाजार में टेंपो स्टैंड के पास पुलिस जवान तैनात कर दिए गए हैं।