जैविक खेती से खुलेंगे समृद्धि के द्वार
जागरण संवाददाता सरपतहां (जौनपुर) कृषि उत्पादकता एवं कृषि जागरूकता कार्यक्रम के तहत सुइ
जागरण संवाददाता, सरपतहां (जौनपुर): कृषि उत्पादकता एवं कृषि जागरूकता कार्यक्रम के तहत सुइथाकलां विकास खंड मुख्यालय पर सोमवार को रबी गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान एफपीओ के गठन एवं प्रोत्साहन, जैविक खेती, कृषि विविधीकरण एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा गो आधारित जीरो बजट की खेती के लिए किसानों को जागरूक व प्रशिक्षित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि डाक्टर उमेश चंद्र तिवारी ने कहा कि सरकार किसानों की समृद्धि के प्रति प्रतिबद्ध है। दर्जनों योजनाओं के माध्यम से किसानों का सहयोग किया जा रहा है। पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रों, बीजों तथा अन्य कृषि निवेशों पर अनुदान देकर किसानों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त किया जा रहा है। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक विधि से खेती करने का सुझाव दिया। उप परियोजना निदेशक आत्मा डाक्टर रमेश चंद्र यादव ने बताया कि बीजामृत, जीवामृत, पंचगव्य के निर्माण एवं खेती में उसका प्रयोग कर कम लागत में उच्च गुणवत्तायुक्त उत्पादन लिया जा सकता है। उन्होंने जैविक खेती से लाभ के लिए गो-आधारित खेती, एकीकृतनाशी जीव प्रबंधन से फसलों की सुरक्षा की जानकारी दी। वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक संजीव कुमार ने रबी फसलों में खरपतवार तथा रोगों से कीटों के बचाव की जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक दिनेश कुमार ने मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के संतुलित उपयोग की जानकारी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भीम सिंह ने तथा संचालन एडीओ एजी मिथिलेश सिंह ने किया। मौके पर सुरेश पांडेय, भाजपा नेता राकेश वर्मा, राम ताड़क, प्रेमचंद्र, आलोक पांडेय, सूर्यनाथ, उर्मिला, रानी, प्रभावती सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।