अज्ञात आरोपितों पर हत्या का मुकदमा दर्ज
शुक्रवार की सुबह बरीगांव में रेल पटरी के किनारे युवती का शव पाए जाने के मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जागरण संवाददाता, मड़ियाहूं (जौनपुर): शुक्रवार की सुबह बरीगांव में रेल पटरी के किनारे युवती का शव पाए जाने के मामले में शनिवार को नया मोड़ आ गया। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बरसठी थाना क्षेत्र के गहलाई गांव निवासी मृतका कोमल तिवारी के पिता अनिल तिवारी व माता सुनीता तिवारी शनिवार को राष्ट्रवादी युवा वाहिनी के दर्जन भर नेताओं के साथ कोतवाली में पहुंचकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कोमल तिवारी गुरुवार की रात से ही गायब थी। शुक्रवार की सुबह उसका शव घर से ही कुछ दूर बारीगांव नेवादा में रेलवे ट्रैक पर देखा गया। पुलिस इसे आत्महत्या का मामला बता रही थी। शुक्रवार की शाम मौत के कारणों को लेकर वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक से परिजनों द्वारा फोन पर हत्या की आशंका जाहिर किए जाने पर पुलिस ने शहर में रामघाट से शव को चिता पर से कब्जे में ले लिया था। रात में ही शव का पोस्टमार्टम फिर से हुआ। पिता की तहरीर पर पुलिस अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुट गई है। घटना को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।