विवाहिता ने ससुरालवालों पर लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप
स्थानीय थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव निवासी राम अकबाल सिंह ने अपने पुत्र शिवेंद्र की शादी तीन वर्ष पूर्व मीरजापुर जिले के कछवा थाना क्षेत्र के गोधना गांव निवासी निहाला सिंह की पुत्री निकिता के साथ की थी।
जासं, सुरेरी (जौनपुर) : स्थानीय थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव निवासी राम अकबाल सिंह ने अपने पुत्र शिवेंद्र की शादी तीन वर्ष पूर्व मीरजापुर जिले के कछवा थाना क्षेत्र के गोधना गांव निवासी निहाला सिंह की पुत्री निकिता के साथ की थी। जिसका कुछ दिन से परिवारवालों के साथ अनबन चल रहा था। ऐसे में विवाहिता ने शुक्रवार की सुबह सुरेरी थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुरालवाले दहेज को लेकर आएदिन उसे प्रताड़ित करते रहते हैं। गुरुवार की शाम को उसकी पिटाई कर दिये। जिसकी सूचना विवाहिता द्वारा अपने पिता को दी गई थी। शुक्रवार को बेटी के घर पहुंचे पिता पुत्री को साथ लेकर थाने पहुंचे और ससुर राम अकबाल, पति शिवेंद्र व देवर चंदन सिंह के खिलाफ मारपीट सहित दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए लिखित तहरीर दी। पुलिस तहरीर के आधार पर पति देवर व ससुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष श्यामदास वर्मा ने बताया कि विवाहिता की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ मारपीट सहित दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।