बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजनाओं के प्रति किया जागरूक
महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में मिशन शक्ति अभियान 3.0 के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में स्वावलंबन कैंप का आयोजन किया गया।
जागरण संवाददाता, जौनपुर : महिला कल्याण विभाग के तत्वावधान में मिशन शक्ति अभियान 3.0 के तहत मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में स्वावलंबन कैंप का आयोजन किया गया। इसमें सरकार की संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बाल सेवा योजना, पति के मृत्युपरांत निराश्रित महिला पेंशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ आदि योजनाओं में महिलाओं को जागरूक किया गया।
इसके साथ ही कन्या सुमंगला योजना में छह पात्र व्यक्तियों के फार्म आनलाइन किए गए। निराश्रित महिला पेंशन योजना में दो फार्म, बाल सेवायोजना में तीन व बाल सेवा सामान्य में चार फार्म आनलाइन किया गया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी अभय कुमार ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान 3.0 के तहत महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है और अब महिलाओं में काफी बदलाव देखने को मिल रहा है। शिविर में लोगों को बताया गया कि 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 102 एंबुलेंस सेवाएं व 108 एंबुलेंस सेवाएं महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित हैं। इस मौके पर बाल संरक्षण अधिकारी चंदन राय, जिला समन्वयक प्रतिभा सिंह, बबीता, कंप्यूटर आपरेटर सुनील आदि उपस्थित रहे।