बारिश से कच्चे मकान ढहे, बालिका समेत तीन की मौत
जनपद में हुई भारी बारिश के कारण कच्चे मकानों व छप्परों के गिरने का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे में जनपद के अलग-अलग स्थानों पर दीवार व खंभे गिर गए। इस दौरान मलबे में दबकर बालिका समेत तीन की मौत हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला। घटनाओं से गांव में हड़कंप मचने के साथ ही मातम छा गया।
जौनपुर: जनपद में हुई भारी बारिश के कारण कच्चे मकानों व छप्परों के गिरने का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे में जनपद के अलग-अलग स्थानों पर दीवार व खंभे गिर गए। इस दौरान मलबे में दबकर बालिका समेत तीन की मौत हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला। घटनाओं से गांव में हड़कंप मचने के साथ ही मातम छा गया।
केराकत क्षेत्र के ग्राम धरौरा में पंकज मिश्रा के पुश्तैनी मकान की कच्ची दीवार खड़ी थी। अधिक बारिश होने से दीवार अचानक गिर गई। बगल में संतोष गोंड के परिवार के खेल रहे चार बच्चे मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर जुटे आस-पास के ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकालकर एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल बालिका नयंसी (6) की मौत हो गई, जबकि तीन बच्चों को उपचार के बाद छोड़ दिया गया। घटना से गांव में कोहराम मच गया।
सुजानगंज क्षेत्र के भगवानपुर ग्राम में छप्पर की दीवार गुरुवार की रात अचानक छप्पर में सो रहे वंशराज मौर्य (56) के ऊपर गिर गई और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के मुताबिक उनकी आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। पात्र होने के बावजूद आवास नहीं दिया। मृतक के तीन पुत्रियां हैं। एक अन्य घटना में मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के नड़ार गांव में शुक्रवार की दोपहर कच्चे मकान की दीवार गिरने से दबकर सर्वेश कुमार सरोज (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के लोग उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए जहां हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।