युवक के गले में घोंपा चाकू, हालत गंभीर
जागरण संवाददाता चंदवक (जौनपुर) सिधौनी गांव में मंगलवार की सुबह विवाद के दौरान दो सगे भाइय
जागरण संवाददाता, चंदवक (जौनपुर): सिधौनी गांव में मंगलवार की सुबह विवाद के दौरान दो सगे भाइयों ने पड़ोसी युवक को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसका बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है। हालत नाजुक बनी हुई है।
उक्त गांव निवासी 28 वर्षीय शशांक सिंह का सोमवार को पड़ोसी अमन सिंह व उसके भाई आदेश सिंह से मेला में विवाद हो गया था। आरोप है कि सुबह शशांक सिंह अपने घर के बाहर बने शौचालय से लौट रहा था, उसी समय दोनों भाइयों ने उसके गले पर चाकू से प्रहार कर दिया। वह लहूलुहान होकर गिर गया। शशांक के शोर मचाने पर स्वजन दौड़े तो हमलावर भाग गए। घटना की सूचना पुलिस को देकर स्वजन उसे सीएचसी डोभी ले गए। डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद दबिश देकर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पक्षों के बीच एक सप्ताह पूर्व बांस काटने को लेकर भी विवाद हुआ था।