Jaunpur Weather Update : जौनपुर के आसमान में बादलों का डेरा, कोहरे का कहर बरकरार
जौनपुर के मौसम में परिवर्तन आ गया है। बुधवार को आसमान में जहां छिटपुट बादल रहे वहीं कोहरे की चादर भी तनी रही। मंगलवार की रात से शुरू हुआ कोहरे का प्रकोप सुबह साढ़े आठ बजे तक बरकरार रहा।
जौनपुर, जेएनएन। मौसम में परिवर्तन आ गया है। बुधवार को आसमान में जहां छिटपुट बादल रहे वहीं कोहरे की चादर भी तनी रही। मंगलवार की रात से शुरू हुआ कोहरे का प्रकोप सुबह साढ़े आठ बजे तक बरकरार रहा। घने कोहरे के चलते दृश्यता कम होने से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़कों पर वाहन रेंगते हुए चल रहे थे। तापमान के उतार-चढ़ाव से फसलों में रोग लगने का खतरा बढ़ गया है।
मौसम वैज्ञानिक डा. पंकज कुमार जायसवाल ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता पूर्वांचल के जनपदों में धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। जिसका असर भी दिख रहा है। तापमान में कमी दर्ज होने के कारण ठंड में इजाफा हो गया है। सुबह सात बजे तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा है। हवाएं पश्चिमी से सात किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं। शाम चार बजे के बाद सूरज की किरणें मद्धिम पड़ने के साथ ही तापमान के गिरने का क्रम शुरू हो जा रहा है।
आगामी दिनों में मौसम और खराब होने के साथ ही शीतलहर का प्रकोप रहेगा। डा. जायसवाल ने बताया कि हवा में अधिक नमी के कारण आलू, टमाटर, अगेती मटर में झुलसा रोग लगने की संभावना है। इससे बचाव के लिए दवाओं का छिड़काव करें। जिन किसानों की टमाटर, फूलगोभी, बंदगोभी, ब्रोकली आदि पौधशाला में तैयार है वह मौसम को ध्यान में रखते हुए रोपई कर दें।