उद्योग व्यापार मंडल उपलब्ध करा रहा सस्ते दर पर खाद्यान्न
कोरोना संक्रमण की वजह से रोज खाने-कमाने वाले एक विशेष वर्ग सहित निम्न व मध्यम वर्गीय समाज के सामने अचानक खाद्य पदार्थों की कमी आ गई है।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: कोरोना संक्रमण की वजह से रोज खाने-कमाने वाले एक विशेष वर्ग सहित निम्न व मध्यम वर्गीय समाज के सामने अचानक खाद्य पदार्थों की कमी आ गई है। ऐसे में उन्हें महंगाई का भी सामना करना पड़ रहा है। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी के आह्वान पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सस्ते दर पर आवश्यक खाद्य पदार्थ उपलब्ध करा रहा है।
व्यापार मंडल द्वारा दी जाने वाली खाद्य सामग्री के वाहन का शुभारंभ गत दिवस जिलाधिकारी दिनेश सिंह ने किया जो निरंतर जारी है। जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापार मंडल का यह पहल सराहनीय है। जिसका सभी लोग लाभ उठाएं। बुधवार को पांचवें दिन वाहनों को रवाना करते हुए व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष श्रवण जायसवाल ने कहा कि कोरोना महामारी पूरे विश्व में फैली हुई है। उसी कड़ी में जनपद भी इसका शिकार हुआ है। चूंकि उद्योग व्यापार मंडल का एक संघर्षशील इतिहास रहा है कि किसी भी मुसीबत की घड़ी में यह आम आदमी की कठिनाई के सामने सुरक्षा कवच बनकर खड़ा हो जाता है। इसी क्रम में नगर अध्यक्ष अनवारूल हक व जिला महामंत्री अशोक साहू ने कहा कि जनपद में लॉकडाउन के कारण पैदा हुई हर समस्या का सामना व्यापार मंडल करने को तैयार है।