मुठभेड़ में 20 हजार का इनामिया गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
बदलापुर व बक्शा थाना पुलिस की संयुक्त टीम से गुरुवार की देर रात पीली नदी पुल के पास देवरिया गांव में बाइक सवार बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से घायल 20 हजार के इनामिया सत्य प्रकाश गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी फरार हो गया।
जागरण संवाददाता, बदलापुर (जौनपुर): बदलापुर व बक्शा थाना पुलिस की संयुक्त टीम से गुरुवार की देर रात पीली नदी पुल के पास देवरिया गांव में बाइक सवार बदमाशों की मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने से घायल 20 हजार के इनामिया सत्य प्रकाश गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी फरार हो गया। मौके से तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक व अवैध शराब बरामद हुई है। घायल बदमाश का बीएचयू ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा हमराहियों के साथ गश्त पर निकले थे। उधर, थानाध्यक्ष बक्शा दिव्य प्रकाश सिंह भी टीम के साथ बेलहटा गांव के पास वांछित व संदिग्ध अपराधियों की तलाश में थे। करीब एक बजे मुखबिर ने सूचना दी कि नौपेड़वा की ओर से बाइक से दो बदमाश लेदुका की तरफ जा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक ने तुरंत थानाध्यक्ष बक्शा को जानकारी दी। दोनों थानों की पुलिस घेराबंदी करने की तैयारी कर रही थी कि सामने से संदिग्ध बाइक सवार आते दिखे।
रुकने का संकेत करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी फायरिग की तो गोली एक बदमाश के दाहिने घुटने के नीचे लगी। वह घायल होकर गिर गया। उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाते हुए बच निकला। घायल सत्य प्रकाश गौतम उर्फ नाटे निवासी धौकलगंज (सुजियामऊ) थाना बक्शा को पुलिस तुरंत सीएचसी लाई। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और वहां से बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। इस दौरान पूछताछ में उसने अपने फरार साथी का नाम धनंजय यादव निवासी चुरावनपुर थाना बक्शा बताया।
पुलिस को मौके से चोरी की बाइक, बोरी में 115 पौव्वा देसी शराब, 315 बोर का तमंचा, कारतूस व दो खोखे मिले। फरार बदमाश की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घायल सत्य प्रकाश शातिर किस्म का बदमाश है। उसके विरुद्ध बक्शा थाने में आबकारी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर एसपी अजय कुमार साहनी ने 20 हजार का पुरस्कार घोषित कर रखा था। फरार धनंजय यादव भी शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध दर्जन भर मुकदमे दर्ज हैं। बुधवार की रात पत्नी व पिता की हुई थी गिरफ्तारी
बुधवार की रात पुलिस ने छापेमारी कर सत्य प्रकाश गौतम के घर से 21 पेटी अवैध शराब बरामद की थी। पुलिस ने सत्य प्रकाश की पत्नी कंचन देवी व पिता लल्लन को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सत्य प्रकाश और गिरोह का सरगना धनंजय यादव भागने में सफल हो गए थे। इसके बाद एसपी ने सत्य प्रकाश गौतम की गिरफ्तारी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।