इंग्लैंड से आए चार परदेशियों को खोज रहा स्वास्थ्य
कोरोना का नया स्ट्रेन मिलने के बाद देश में परदेशियों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: कोरोना का नया स्ट्रेन मिलने के बाद देश में परदेशियों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी बीच इंग्लैंड से मेरठ के लिए चले चार प्रवासियों के जौनपुर आने की खबर पर स्वास्थ्य विभाग खोज में जुट गया है, लेकिन हाल-पता न मालूम होने से परेशानी हो रही है।
केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को इंग्लैंड से आने वालों की जो सूची सौंपी है। इनमें चार प्रवासी मेरठ नहीं पहुंचे। पड़ताल में पता चला कि चारों मेरठ के जिला प्रशासन को बिना सूचना दिए जौनपुर चले गए हैं। खबर मिलने के बाद जिले का स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया। सर्विलांस टीम ने खोज किया लेकिन उनका पता नहीं चल पाया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. राकेश कुमार ने बताया कि न तो इंग्लैंड से आने वाले और न ही मेरठ के स्वास्थ्य विभाग ने इनके बारे में सूचना दी है। समाचार पत्रों से जानकारी मिली है। सर्विलांस टीम को पता लगाने के लिए निर्देशित किया गया है। स्वस्थ हुए तीन मरीज, तीन मिले पाजिटिव
जागरण संवाददाता, जौनपुर: वैश्विक महामारी कोरोना के संक्रमण से जंग जारी है। बुधवार को स्वस्थ हुए तीन मरीजों को जहां छुट्टी दी गई वहीं तीन नए कोरोना पाजिटिव मरीज मिले हैं। जनपद में कोरोना पीड़ितों का आंकड़ा बढ़कर 6615 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें से 6352 मरीज स्वस्थ होकर हंसी-खुशी घर लौट चुके हैं। संक्रमण पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के क्रम में सभी विकास खंडों में कैंप लगाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 1362 लोगों का नमूना लिया। जिले में अब तक 304425 लोगों का नमूना लिया जा चुका है।