महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन पर दिया जा रहा बल
जागरण संवाददाता जौनपुर मिशन शक्ति अभियान के तहत नगर के जज कालोनी में मंगलवार की देरश
जागरण संवाददाता, जौनपुर: मिशन शक्ति अभियान के तहत नगर के जज कालोनी में मंगलवार की देरशाम आयोजित समारोह में महिलाओं को सम्मानित किया गया। सरजू प्रसाद शैक्षिक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि सहायक श्रमायुक्त कुलदीप सिंह ने कहा कि महिलाओं के स्वावलंबन, सुरक्षा व सम्मान हेतु विशेष प्रयास किया जाना इस अभियान का उद्देश्य है। शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंद महिलाओं तक अवश्य पहुंचे, इसलिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।
विशिष्ट अतिथि श्रम अधिकारी मान सिंह ने कहा कि हर योजना में महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित कराई जाएगी। इस जिले के नौ विकास खंडों में श्रम विभाग से योजनाएं संचालित हैं। इसमें महिलाओं को पूरा अवसर दिया जा रहा है। अध्यक्षता हास्य व्यंग्यकार सभाजीत द्विवेदी प्रखर व संचालन फूलचंद भारती ने किया। कार्यक्रम संयोजक बाल न्यायालय संस्था के पूर्व अध्यक्ष संजय उपाध्याय ने महिला शक्ति का सम्मान करते हुए सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया। समारोह में शकुंतला शुक्ला, मुन्नी बेगम, रुखसार खान, रजिया सुल्ताना, शालिनी मौर्य, उर्मिला यादव, ललिता मिश्रा, राज कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।