सेब खाओ व धागे में फूल पिरोने की कला का हुआ प्रदर्शन
समाजसेवी संस्था संस्कार भारती ने रविवार की रात नगर पालिका परिषद स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में दीपावली आनंद मिलन समारोह का आयोजन किया। जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने प्रतिभाग किया।
जागरण संवाददाता, शाहगंज (जौनपुर) : समाजसेवी संस्था संस्कार भारती ने रविवार की रात नगर पालिका परिषद स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में दीपावली आनंद मिलन समारोह का आयोजन किया। जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं में बच्चों ने प्रतिभाग किया। पारिवारिक कार्यक्रम में पांच जोड़ों में दीया और बत्ती से दीपक जलाने की प्रतियोगिता हुई। इसके साथ ही पुरुषों से धोती पहनने की प्रतियोगिता कराई गई। सेब खाओ प्रतियोगिता, धागे में फूल माला पिरोने की प्रतियोगिता, आलपिन जोड़ो प्रतियोगिता, ग्लास के जरिए मीनार बनाने की प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
श्रेया, आकृति, अंशिका ने अभिनय नृत्य प्रस्तुत किया। अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के नगर कार्यवाह हनुमान प्रसाद और मुख्य अतिथि काशी प्रांत के संगठन मंत्री दीपक ने किया। दीप प्रज्वलन के बाद कार्यक्रम को प्रारंभ किया गया। विभिन्न प्रकार के मनोरंजक, ज्ञानवर्धक और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के अलावा प्रतिस्पर्धात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। संस्था के सह मंत्री राजकुमार कसेरा ने रंगोली का चित्र बनाया, जिसकी सभी सदस्यों ने प्रशंसा की।
बच्चों से सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता व भारतीय परंपरा से संबंधित श्लोक पूछे गए। इस मौके पर संस्था के संरक्षक संजय, अरविद, सीमा, अनुपम, पूनम, गंगा, श्रवण, अजेंद्र, आनंद, अमित, दीपक सिंह, राजकुमार आदि उपस्थित रहे। संचालन मंत्री रचित चौरसिया व आभार संस्था के अध्यक्ष श्रवण कुमार ने व्यक्त किया।