भाई पर चलाई गई गोली ने ले ली लेखपाल की जान
बम्बावन गांव में सोमवार की रात लेनदेन के विवाद में भाई पर चलाई गई गोली ने लेखपाल को मौत की नींद सुला दिया। हत्यारोपित पहले से हत्या के प्रयास के मामले में आरोपित है। मृत लेखपाल के घर कोहराम मचा हुआ है।
जागरण संवाददाता, केराकत (जौनपुर): बम्बावन गांव में सोमवार की रात लेन-देन के विवाद में भाई पर चलाई गई गोली ने लेखपाल को मौत की नींद सुला दी। हत्यारोपित पहले से हत्या के प्रयास के मामले में आरोपित हैं। मृत लेखपाल के घर कोहराम मचा हुआ है।
आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के निवासी लेखपाल अनिल प्रजापति अपने भाइयों अशोक व सुभाष के साथ बम्बावन में राजेंद्र प्रजापति के पिता की तेरहवीं में शामिल होने आए थे। वहीं आए देवगांव कोतवाली क्षेत्र के ही करियांव गोपालपुर गांव के आपराधिक प्रवृत्ति के श्लोक यादव से अशोक की कहासुनी हो गई। रात करीब दस बजे घर जाने की तैयारी करते समय वहां फिर पहुंचे श्लोक यादव ने अशोक पर गोली चलाई जो अनिल के सिर में लगी और उनकी मौत हो गई। अनिल की लेखपाल पद पर नियुक्ति पिता की मृत्यु के बाद आश्रित के तौर पर हुई थी। मौके पर आए लालगंज के तहसीलदार अनिल कुमार पाठक ने बताया कि अनिल प्रजापति बहुत मिलनसार थे। उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। मृत अनिल के भाई अशोक के अनुसार आरोपित श्लोक यादव बदमाश किस्म का था। लेन-देन को लेकर मुझसे मामूली कहासुनी हुई थी। वह ऐसा कदम उठा लेगा इसकी कल्पना तक नहीं थी। श्लोक यादव पर पहले से हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज है। मृत लेखपाल की मां कमलावती व पत्नी रेनू धाड़ें मारकर रोते-रोते बार-बार बेसुध हो जा रही थी। अनिल की मौत से चार बरस की अंशिका के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए छिन गया।