शिव धनुष टूटते ही गूंजा श्रीराम का उद्घोष
सुजानगंज क्षेत्र के सबेली सरपतहां के अरसियां शाहगंज व सिकरारा क्षेत्र में धनुष यज्ञ की लीला का शनिवार की रात आकर्षक मंचन किया गया। इन आयोजनों में भगवान शिव के धनुष के टूटते ही पूरा पंडाल जय श्री राम के उद्घोष से गूंजने लगा।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: सुजानगंज क्षेत्र के सबेली, सरपतहां के अरसियां, शाहगंज व सिकरारा क्षेत्र में धनुष यज्ञ की लीला का शनिवार की रात आकर्षक मंचन किया गया। इन आयोजनों में भगवान शिव का धनुष टूटते ही पूरा पंडाल जय श्री राम के उद्घोष से गूंजने लगा।
सबेली गांव में 102 वर्षों से होने वाला राम विवाह महोत्सव (धनुष यज्ञ महोत्सव) धूमधाम से मनाया गया। सर्वप्रथम जानकी जी गिरजा मंदिर में जाकर पूजन करती हैं। इसके बाद बाणासुर व रावण के बीच संवाद होता है। स्वयंवर में राजाओं के धनुष तोड़ने के असफल प्रयास के बाद श्रीराम व शिव धनुष को तोड़ देते हैं और उनका जानकी के साथ विवाह संपन्न हो जाता है। इसके बाद परशुराम व लक्ष्मण के बीच हुए संवाद में श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी, कांग्रेस नेता अजय शंकर दुबे अज्जु भइया, डा. शाहनाथ पांडेय आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
सरपतहां क्षेत्र के अरसियां बाजार में संपन्न धनुष यज्ञ मेले में धनुष भंग के बाद भगवान श्रीराम के गले में माता-सीता ने वरमाला पहनाई। इसी के साथ ही सियावर रामचंद्र की जय का नारा गूंज उठा। शाहगंज के गांधी नगर मोहल्ले में ऐतिहासिक धनुष यज्ञ रामलीला का मंचन किया गया। रामलीला समिति के अध्यक्ष रूपेश जायसवाल ने सभी के प्रति आभार जताया। इस मौके पर लालचंद विश्वकर्मा, संदीप जायसवाल, रीता जायसवाल आदि मौजूद रहे।
सिकरारा क्षेत्र के प्रेमराजपुर स्थित बाबा हरिदास कुटी पर धनुष यज्ञ महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। गांव की महिलाओं के साथ मंगल गीत के बीच माता सीता ने भगवान श्रीरामचंद्र के गले में जयमाला डाला तो पूरा परिसर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। कुटी के सेवक अखिलेशनंद ने सभी का आभार ज्ञापित किया।