सड़क खोदकर छोड़े जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
सिरकोनी विकास खंड के परियावां लौकरी राजभर बस्ती को जाने वाली सड़क एक माह से खोदकर छोड़ दी गई है। ऐसे में बारिश के मौसम में ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान न होने से परेशान लोगों का धैर्य जवाब दे गया तो शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, जफराबाद (जौनपुर) : सिरकोनी विकास खंड के परियावां लौकरी राजभर बस्ती को जाने वाली सड़क एक माह से खोदकर छोड़ दी गई है। ऐसे में बारिश के मौसम में ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान न होने से परेशान लोगों का धैर्य जवाब दे गया तो शुक्रवार की सुबह ग्रामीणों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जिम्मेदार अधिकारी इस पर ध्यान नहीं दिए तो जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बस्ती में मुख्य मार्ग को दो सौ मीटर तक खोदकर छोड़ दिया गया है। ग्राम प्रधान ने एक माह पूर्व ही लगे खड़ंजा की ईंट को निकलवा कर हटा दिया। सड़क पर मिट्टी हो गई है। बारिश की वजह से उससे आना-जाना दुर्लभ हो गया है। रात के अंधेरे में आने वाले लोग गिरकर घायल होते रहते हैं। कुछ दिनों पूर्व बस्ती के दो घरों में तेरहवीं का कार्यक्रम था।
मुख्य मार्ग के कीचड़ से लथपथ होने की वजह से कार्यक्रम में आने वालों को परेशानी झेलनी पड़ी। सड़क निर्माण के लिए ग्रामीणों ने ग्राम विकास अधिकारी सहित कई जिम्मेदार लोगों से संपर्क किया। इसके बाद भी सड़क नहीं बनीं। गांव के सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि एक माह से सड़क खोदकर छोड़ दी गई है। ग्राम प्रधान से लेकर खंड विकास अधिकारी तक मामले की जानकारी दी गई है। इसके बाद भी सड़क का पुन: निर्माण नहीं किया जा रहा है। यदि काम नहीं कराना था तो खड़ंजा की ईंट क्यों उखाड़ दी गईं। चेतावनी दी कि जल्द सड़क का मरम्मत कार्य नहीं किया जाता है तो हम लोग विरोध-प्रदर्शन करने के साथ ही जिलाधिकारी का घेराव भी करेंगे।