जौनपुर में मानसून आगमन के बाद धूप निकलते ही बढ़ने लगी उमस, तापमान में इजाफे के साथ बढ़ रहा पसीना
जौनपुर जिले में तीन दिन पूर्व मानसून आगमन के साथ ही आसमान में बादलों की आवाजाही के साथ ही बूंदाबांदी का भी असर पर्याप्त हो रहा है। लेकिन बारिश के बाद धूप निकलते ही गर्मी पर्याप्त हो रही है।
जौनपुर, जागरण संवाददाता। जिले में तीन दिन पूर्व मानसून के आगमन के बाद से ही बरसात का दौर रह रहकर जारी है। मगर बारिश के बाद उमस में भी इजाफा हो रहा है। इस बाबत मौसम विभाग ने भी पूर्व में बूंदाबांदी के संकेत दिए थे। लेकिन, धूप खिलने के बाद उमस में इजाफा हो जा रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में गर्मियों का असर कम होगा लेकिन धूप खिलने के बाद उमस बढेगी। इस पूरे सप्ताह मौसम विभाग ने बारिश की आशंका जताई है।
जिले में धूप निकलने जहां उमस में वृद्धि हो गई है वहीं तापमान भी बढ़ गया है। दो दिन पूर्व तक 28 डिग्री सेल्सियस रहने वाला अधिकतम तापमान शुक्रवार को 30 डिग्री पर पहुंच गया। इसके साथ ही हवाओं के न चलने व बढ़ी उमस से लोग परेशान हैं। हालांकि रात के तापमान में कमी आई है। वहीं जिले में मानसून सक्रिय हो गया है। मंगलवार की रात से शुरू हुई झमाझम बारिश बुधवार को दिनभर रुक-रुक कर होती रही। हालांकि, रात से थम गई है, इसकी वजह से शुक्रवार की सुबह धूप खिलने से उमस में दोबारा इजाफा हो गया।
गुरुवार को भी पूरे दिन धूप रही हालांकि आसमान में बादलों का डेरा है। दो दिन की बारिश से तापमान लुढ़ककर 28 डिग्री तक आ जाने के कारण मौसम सुहाना हो गया था, लेकिन गुरुवार को दोपहर बाद से पुनः उमस भरी गर्मी बढ़ गई। राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार ने बताया कि आसमान में बादलों व पूरब से चल रही हवाओं के चलते उमस बढ़ी है। बारिश के भी आसार हैं। बताया कि उत्तर भारत में बनी सीजनल पूर्वी-पश्चिमी द्रोणी के समानांतर बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमीयुक्त पुरवा हवाओं की तीव्रता बढ़ने के कारण मानसून सक्रिय हुआ है। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है।