4.91 करोड़ में होगा चंवरे व भटपुरा पंप कैनाल का आधुनिकीकरण
विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने बुधवार को नहर विभाग के अधिकारियों के साथ गोमती नदी में स्थापित सोनौरा पंप कैनाल प्रथम चंवरे व सई नदी में स्थापित भटपुरा पंप कैनाल का निरीक्षण किया।
जागरण संवाददाता, बदलापुर (जौनपुर) : विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने बुधवार को नहर विभाग के अधिकारियों के साथ गोमती नदी में स्थापित सोनौरा पंप कैनाल प्रथम चंवरे व सई नदी में स्थापित भटपुरा पंप कैनाल का निरीक्षण किया। चार करोड़ 91 लाख 59 हजार रुपये स्वीकृत
दोनों पंप कैनाल के आधुनिकीकरण के लिए प्रदेश सरकार द्वारा चार करोड़ 91 लाख 59 हजार रुपये स्वीकृत हुआ है, जिसमें से पहली किस्त अवमुक्त हो गई है। पंप कैनालों का आधुनिकीकरण हो जाने से दो दर्जन गांवों के अन्नदाता लाभान्वित होंगे। चंवरे गांव में स्थापित कैनाल का किया निरीक्षण
विधायक ने लघु डाल नहर विभाग के अधिशासी अभियंता राजकुमार पांडेय के साथ चंवरे गांव में स्थापित कैनाल का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने कैनाल में कराए जाने वाले कार्यों की जानकारी ली। विधायक ने बताया कि चंवरे में पंप कैनाल के आधुनिकीकरण के लिए दो करोड़ 84 लाख 15 हजार स्वीकृत हुआ है। जिसके सापेक्ष एक करोड़ रुपये पहली किस्त के रूप में अवमुक्त हो गई है। इसी तरह महराजगंज में सई नदी पर स्थापित भटपुरा पंप कैनाल का भी दो करोड़ सात लाख में आधुनिकीकरण कराया जाएगा, जिसके लिए 75 लाख रूप अवमुक्त हो गया है। विधायक ने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी है। जिसका परिणाम दोनों पंप कैनाल है, जो दो दशक से किसानों को मुंह चिढ़ा रहे थे। हालांकि पंप कैनालों के आधुनिकीकरण से अब उन्हें लाभ मिलेगा। निरीक्षण के दौरान प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष विनोद शर्मा, शनी शुक्ल, महेंद्र सिंह, साहबलाल चौधरी, बबलू पांडेय, राजदेव सिंह आदि उपस्थित रहे।