पेट्रोल पंप से दो हजार लीटर डीजल चोरी
बेलवार मार्ग पर सखवट गांव स्थित पेट्रोल पंप से हौसलाबुलंद चोर दो हजार लीटर डीजल चोरी कर ले गए। गुरुवार की रात की चोरी की पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए छानबीन कर रही है।
जागरण संवाददाता, सुजानगंज (जौनपुर): बेलवार मार्ग पर सखवट गांव स्थित पेट्रोल पंप से चोर दो हजार लीटर डीजल चोरी कर ले गए। गुरुवार की रात की चोरी की पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए छानबीन कर रही है।
सखवट में अजय यादव का बजरंग फ्यूल स्टेशन (पेट्रोल पंप) है। शुक्रवार की रात दस बजे अजय यादव स्टॉक का मिलान करने लगे तो दो हजार लीटर डीजल कम मिला। कर्मचारियों से पूछताछ की तो उन्होंने अनभिज्ञता जताई। तब उन्होंने सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला। जिसमें पता चला कि गुरुवार की रात करीब 11 बजे एक व्यक्ति पेट्रोल पंप के बाएं छोर की दीवार फांदकर आया। डीजल की टंकी के पास तक जाने के बाद लेट गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि टैंक का लॉक तोड़कर डीजल चोरी किया गया। बाद में उसी तरफ से भाग गया। दोबारा करीब दो बजे दो व्यक्ति पुन: उसी रास्ते से आए। कुछ देरबाद वे भी चले गए। फिर दो व्यक्ति टार्च व गैलन लेकर आए। कुछ देर तक टहलकर वापस चले गए। शनिवार को अजय यादव ने थाने में लिखित सूचना दी। थाना प्रभारी राजित राम यादव ने कहा कि घटना संदिग्ध है। मौका मुआयना करने के बाद छानबीन की जा रही है।