ददरी में दो की संदिग्ध हालात में मौत, दो गंभीर
संवाद सूत्र आटा आटा थाना क्षेत्र के ग्राम ददरी में मंगलवार को दो लोगो की संदिग्ध परिस्थितियों
संवाद सूत्र, आटा : आटा थाना क्षेत्र के ग्राम ददरी में मंगलवार को दो लोगो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वहीं दो लोगों की तबियत बिगड़ी हुई है। इनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घरवालों ने पुलिस को बिना सूचना दिए ही अंतिम संस्कार करा दिया। ग्रामीणों ने जहरीली शराब पीने से मौत की आशंका जताई है।
ग्राम ददरी निवासी 36 वर्षीय देवेंद्र पाल और 32 वर्षीय महेंद्र पाल मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। घरवालों के मुताबिक सोमवार दोपहर तक दोनों की तबियत ठीक थी, लेकिन शाम को बिगड़ गई। घर आकर अचानक उल्टियों के बाद हालत इतनी बिगड़ गई कि कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई।
गांव में दो मौतों से कोहराम मच गया। घरवालों ने पुलिस को सूचना दिए बगैर ही दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया। देवेंद्र की दो बेटी हिमांशी, गौरी व बेटा भोला है। देवेंद्र की पत्नी कीर्ति का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों के मुताबिक जिस वक्त देवेंद्र और महेंद्र की तबियत बिगड़ी थी। इसी बीच ही गांव में रहने वाले 30 वर्षीय धर्म सिंह और 40 वर्षीय करन सिंह विश्वकर्मा की भी हालत बिगड़ी थी। देवेंद्र व महेंद्र के बारे में जानकर उनके घरवालों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इनमें धर्म सिंह की हालत चिंताजनक है, जबकि करन सिंह की हालत में सुधार है।
ग्रामीणों के मुताबिक शराब पीने से दोनों की हालत बिगड़ी है। आटा थाना के प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह का कहना है कि घटना की जानकारी ग्रामीणों द्वारा नहीं दी गई। मौके पर पहुंचकर जांच की जाएगी। इसके बाद प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।