भेदभाव की राजनीति नहीं करती सपा
जागरण संवाददाता उरई समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने रविव
जागरण संवाददाता, उरई : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने रविवार को विजय विक्रम पैलेस में आयोजित गोष्ठी में सहभागिता की। कहा कि सपा कभी भेदभाव की राजनीति नहीं करती। हर वर्ग का सम्मान करना ही पार्टी की विशेषता है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में इस समय अराजकता का माहौल है।
राठ रोड स्थित विजय विक्रम पैलेस में आयोजित प्रबुद्धजनों की गोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि किसानों के आंदोलन के मुद्दे पर सपा किसानों के साथ है। जिस तरह से किसानों की आवाज को दबाया जा रहा है वह ठीक नहीं है। बेकसूर किसानों पर झूठे मुकदमे लिखे जा रहे हैं जिनको तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। सरकार किसी के अधिकारों का हनन नहीं कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजनों का मान सम्मान समाजवादी पार्टी में पहले भी सुरक्षित था और आगे भी रहेगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साफ तौर पर कहा है कि हर बड़े बुजुर्ग को सम्मान से नवाजा चाहिए। बुजुर्ग ही हमारे मार्ग दर्शक हैं। वर्तमान सरकार की सोच इसके बिल्कुल विपरीत है। जिसका सपा विरोध करती है। यज्ञदत्त त्रिपाठी, कामरेड कैलाश पाठक, सुरेंद्र मौखरी, शफीकुर्हमान सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।