सीमा विस्तार होते ही विकास की जगी उम्मीद,कई गुना बढ़ेगी आमदनी,शासन को भेजा गया मिनी स्टेडियम बनाने का प्रस्ताव
जालौनजेएनएन। नगर पंचायत का सीमा विस्तार होने से बुंदेलखंड के अतिपिछड़े रामपुरा इलाके में विका
जालौन,जेएनएन। नगर पंचायत का सीमा विस्तार होने से बुंदेलखंड के अतिपिछड़े रामपुरा इलाके में विकास के द्वार खुलने लगे हैं। नगर पंचायत रामपुरा ने कई विकासपरक योजनाओं को गति देने की तैयारी बनाई है। कई प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजे गए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही नगर पंचायत को कई बड़े तोहफे मिल सकते हैं।
वर्ष 1977 में मिले नगर पंचायत के दर्जे के बाद से अब तक इस इलाके में बड़ी विकासपरक योजनाएं जमीन पर नहीं उतर सकीं। गत 23 दिसंबर को जैसे ही नगर पंचायत को सीमा विस्तार का दर्जा मिला तो लोगों की उम्मीद भी जगने लगी है कि जल्द ही क्षेत्र में विकास की गंगा बह सकती है जिसका आम लोगों के साथ युवाओं को भी लाभ मिलेगा। नगर पंचायत की बढ़ी भूमि,आय में भी होगी बढ़ोत्तरी
अभी तक नगर पंचायत भूमिहीन की श्रेणी में थी। मगर जैसे ही सीमा विस्तार की घोषणा हुई तो राजस्व विभाग के साथ मिलकर कृषि,अकृषि भूमि की नापजोख शुरू की गई तो नगर पंचायत लगभग 500 एकड़ भूमि का स्वामित्व हासिल कर चुकी है। जिससे नगर पंचायत की वार्षिक आमदनी में भी कई गुना बढ़ोतरी भी होगी। मिनी स्टेडियम का प्रस्ताव शासन को भेजा :
चेयरमैन शैलेंद्र सिंह ने बताया कि अब जगह का कोई अभाव नहीं है। इसलिए नगर में मिनी स्टेडियम बनवाने हेतु प्रस्ताव बनाकर स्वीकृति के लिए शासन को भेज दिया है। जैसे ही स्वीकृति मिलती है निर्माण शुरू करवाया जाएगा। इससे नगर व आसपास के उन होनहार खिलाड़ियों के सपने पूरे होंगे जिनके अंदर जज्बा तो है मगर संसाधनों के अभाव में मन मारकर बैठने को मजबूर होना पड़ता है। रोडवेज बस स्टैंड की भी पहल हुई शुरू :
नगर में अभी बस स्टैंड नहीं है।प्राइवेट या सरकारी बसें बेतरतीब ढंग से खड़ी रहती हैं। सवारियों को भी तकलीफ होती है। इन समस्याओं के निराकरण के लिए बहुत जल्द रोडवेज बस स्टैंड बनने की राह तैयार हो रही है।