38 करोड़ से बहेगी कोंच में विकास की गंगा
संवाद सहयोगी कोंच नगरपालिका बोर्ड की बैठक गुरुवार को शोर शराबे के बीच खत्म हुई। कई
संवाद सहयोगी कोंच : नगरपालिका बोर्ड की बैठक गुरुवार को शोर शराबे के बीच खत्म हुई। कई सभासदों ने प्रस्तावों पर नाराजगी प्रकट की, हालांकि समर्थन में सभासद अधिक होने के चलते सभी प्रस्तावों पर मुहर लग गई। तय हुआ कि वित्तीय वर्ष 2021-22 में 38 करोड़ रुपये से नगर में विकास कार्य कराए जाएंगे। बजट के समर्थन में चेयरमैन सहित 13 सभासद रहे जबकि 11 ने विरोध दर्ज कराया।
बैठक में 38 करोड़ 23 लाख का बजट पालिका के प्रभारी ईओ एसडीएम अशोक कुमार ने रखा। चेयरमैन ने बजट को विकास में सहायक बताते हुए सभासदों से सर्वसम्मति से मंजूरी देने की अपील की। 11 सभासद एक मत होकर बजट का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे। कई बैठक बीच में छोड़कर चले गए, लेकिन जब उन्हें पता चला कि मात्र दो सभासदों का विरोध कार्रवाई रजिस्टर में दर्ज किया गया है तो वह शोर शराबा करते हुए फिर से बैठक में पहुंच गए। हंगामा में विरोध करने वाले सभासदों ने कहा कि जितने सभासद विरोध में हैं उन सभी का नाम कार्रवाई रजिस्टर में दर्ज किया जाए। एक सभासद ने तो कुर्सी उठाकर तोड़ दी जिससे माहौल अशांत हो गया। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप किया, हालांकि पक्ष में सभासदों की संख्या अधिक होने की वजह से प्रस्तावों को हरी झंडी दे दी गई।
बोले सभासद
नगर पालिका का आज जो बजट पेश किया गया है, वह जनता के हित में कतई नही है। पालिका के खाते में पहले ही 10 करोड़ रुपया पड़ा हुआ है। उससे कोई भी जनहित के कार्य नही कराए जा रहे है।
विशाल गिरवासिया बंटी, सभासद
- बजट अच्छा है। नगर के सभी वार्डों में विकास की योजना बनाई गई है। जिससे नगर का और अधिक विकास होगा। इससे नगर की अच्छी छवि बन सकेगी।
मोहम्मद जाहिद, सभासद
यहां किया जाएगा खर्च
प्रकाश व्यवस्था पर - 2.50 करोड़
स्वच्छ भारत मिशन पर : एक करोड़
मार्ग निर्माण पर : छह करोड़
श्मशान घाट और कब्रिस्तान पर : 50 लाख
कान्हा गोशाला निर्माण : तीन करोड़
सेवानिवृत्त कर्मियों के भत्ते पर - दो करोड़
सफाई कर्मियों के वेतन पर - छह करोड़
जेई व एई के वेतन पर : 11 लाख
सफाई सामग्री पर : एक करोड़
मलिन बस्तियों पर : 15 लाख
शिक्षा पर : 10 लाख
कीटनाशक दवाओं पर : 5 लाख
भवन निर्माण पर : 1.50 करोड़
14वें व 15वें वित्त कार्यो पर : नौ करोड़ बजट पर एक नजर :
राज्यवित्त आयोग की धनराशि समेत पालिका की समस्त मदों से आय एवं पिछली बचत मिलाकर आय 38 करोड़ 23 लाख 6119 है। वर्ष 2021-22 में पालिका ने 37 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये व्यय करने की योजना बनाई है। उसके बाद भी पालिका के पास 24 लाख 56 हजार 119 को बचत शेष रहेंगी।
इन्होंने किया विरोध
विशाल गिरवासिया, अर्चना रजक, दंगल यादब, धर्मेंद्र यादब, मुबारिक कुरैशी, नसीम निहारिया, अरबिद, सितारा, बिमला, वंदना, रुबीना बानो।
इन्होंने किया समर्थन
मोहम्मद जाहिद, प्रियंका सर्राफ, पूजा भदौरिया, नंदनी कुशवाहा, पुष्पेंद्र सलोनिया, रविकांत कुशवाहा, अनिल पटैरिया, शकील अहमद मकरानी, अमित यादव, महावीर यादव, शमसुद्दीन मंसूरी, मनोज गुप्ता, सुनीता वर्मा।