नगर पालिका से जिम्मेदार मिले गायब, मांगा स्पष्टीकरण
जिम्मेदार अपने कर्तव्यों और शासन के समय पालन के निर्देश को किस तरह ताक पर रखे हैं उपजिलाधिकारी को इसकी बानगी बुधवार को दिखाई दी। नगर पालिका के औचक निरीक्षण में जिम्मेदार गायब मिले जिससे उनका पारा चढ़ गया। अनुपस्थित लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया।
संवाद सहयोगी, जालौन : जिम्मेदार अपने कर्तव्यों और शासन के समय पालन के निर्देश को किस तरह ताक पर रखे हैं। एसडीएम को इसकी बानगी बुधवार को दिखाई दी। नगर पालिका के औचक निरीक्षण में जिम्मेदार गायब मिले, जिससे उनका पारा चढ़ गया। अनुपस्थित लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया।
एसडीएम सुनील कुमार शुक्ला बुधवार की सुबह करीब 11 बजे नगर पालिका परिषद पहुंचे। निरीक्षण किया तो अधिशाषी अधिकारी व सफाई निरीक्षक अनुपस्थित मिले। पूछने पर कर्मचारियों ने बताया कि ईओ के पास कोटरा का भी चार्ज है। वह वहां गए हुए हैं। वहीं सफाई निरीक्षक निरीक्षण करने निकले हुए हैं। एसडीएम ने लेखा लिपिक, निर्माण, समेत सभी पटलों का निरीक्षण किया। इसमें जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने में हो रही देरी को लेकर लोगों ने शिकायत की। एसडीएम ने लिपिक को फटकार लगाते हुए प्रमाण पत्र शीघ्र जारी करने का निर्देश दिया।
आयुर्वेदिक चिकित्सालय का देखा हाल
नपा के बाद उपजिलाधिकारी ने आयुर्वेदिक चिकित्सालय का निरीक्षण किया। डॉ. अमर सिंह समेत पूरा स्टाफ उपस्थित मिला। उपजिलाधिकारी ने चिकित्सालय में उपलब्ध दवाओं की जानकारी ली, सामान्य तौर पर सभी दवाएं उपलब्ध बताई गईं। निरीक्षण के बाद उपजिलाधिकारी ने बताया आवश्यक कार्रवाई के लिए रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज रहे हैं। अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।