ईओ व चेयरमैन ने शमशान घाट की देखी व्यवस्थाएं
संवाद सहयोगी जालौन नगर में स्थित श्मशान घाटों पर निर्माण की गुणवत्ता को देखने के लिए पालिक
संवाद सहयोगी, जालौन : नगर में स्थित श्मशान घाटों पर निर्माण की गुणवत्ता को देखने के लिए पालिकाध्यक्ष व ईओ ने नगर में स्थित तीनों शमशान घाटों का निरीक्षण किया। जिसमें गुरू मस्तराम स्थित शमशान घाट में निर्माण की तकनीकी जांच के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी गई।
पिछले दिनों हुई श्मशान घाट पर अंत्येष्टि के दौरान हुए शमशान घाट की गैलरी की छत गिरने से हुए हादसे के बाद नगर में स्थित जर्जर इमारतों का चिन्हांकन किया जा रहा है। नगर पालिकाध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता व अधिशाषी अधिकारी डी डी सिंह ने पालिका कर्मियों के साथ मिलकर नगर में स्थित गुरू मस्तराम, दलालनपुरा स्थित हुल्की माई व छैपुला स्थित अंत्येष्टि स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण में उन्होंने अंत्येष्टि स्थलों पर बने निर्माण कार्यों को देखा एवं उनकी गुणवत्ता भी देखी। दलालनपुरा स्थित हुल्की माई के पास बने अंत्येष्टि स्थल में सभी निर्माण ठीकठाक मिले। इसी प्रकार छैपुला स्थित अंत्येष्टि स्थल व विश्रामालय भी सही हालत में मिला। जबकि गुरू मस्तराम स्थित अंत्येष्टि स्थल पर हुए निर्माण कार्य जर्जर हालत में मिला। अंत्येष्टि स्थल के ऊपर बने पोल व छत जर्जर मिली। जिस पर ईओ ने गुरू मस्तराम स्थित अंत्येष्टि स्थल पर बने निर्माण कार्य की जांच तकनीकी समिति से कराने के लिए डीएम को रिपोर्ट भेजी। पालिकाध्यक्ष गिरीश कुमार गुप्ता ने बताया कि निर्माण कार्यों को देखा जा रहा है। यदि कहीं कोई कमी मिलती है तो तकनीकी समिति से जांच कराकर निर्माण कार्य की मरम्मत अथवा दोबारा निर्माण कराया जाएगा।