जंगल में मिला युवक का शव, हत्या की आशंका
संवाद सूत्र महेबा (उरई) पाल सरैनी के जंगल में यमुना को जाने वाले रास्ते में शुक्रवार को ए
संवाद सूत्र, महेबा (उरई) :
पाल सरैनी के जंगल में यमुना को जाने वाले रास्ते में शुक्रवार को एक युवक का शव पड़ा मिला। घटना से आसपास के गांवों में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस ने जांच पड़ताल कर जेब में मिले आधार कार्ड से शव की शिनाख्त की। पुलिस को आशंका है कि हत्या कर युवक का शव यहां फेंका गया है।
ब्लाक के सिरसा कलार थानाक्षेत्र के ग्राम सरैनी का जंगल है। गुरुवार को शव यमुना के पीपों वाले पुल के रास्ते में पड़ा मिला। चरवाहों ने सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की जेब की तलाशी ली। जेब में मिले आधार कार्ड से कोंच कोतवाली क्षेत्र के चंदुर्रा गांव निवासी परशुराम का 31 वर्षीय पुत्र उमाशंकर के रूप में उसकी शिनाख्त हुई। उसकी जेब में उसकी पुत्री नंदिनी का भी आधार कार्ड पड़ा था। पुलिस ने बताया कि शव बुरी तरह से क्षतविक्षत हो चुका है। युवक की हत्या कर शव यहां फेंका गया है। फारेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर प्रमुख सबूत लिए। थानाध्यक्ष सिरसा कलार अजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि युवक की किन परिस्थितियों में मौत हुई है। घटना की जानकारी स्वजन को दे दी गई है। शराब का आदी था युवक
संस, कोंच : ग्राम चंदुर्रा निवासी मृतक उमाशंकर बीती एक सितंबर को अपनी छह साल की बेटी नंदनी को लेकर अपनी बहन से मिलने महेबा थानाक्षेत्र के ग्राम कुकरगांव गया था। गांव वालों के अनुसार उसके साथ गांव का एक युवक भी गया था जो घर वापस आ गया है। बताया कि मृतक शराब का आदी था उसकी संगत भी अच्छी नहीं थी। जिससे गांव और परिवार में उसकी किसी से नहीं बनती थी। पुलिस ने मृतक के स्वजन से पूछताछ की है। जो युवक मृतक के साथ गया था उससे भी पूछताछ की जा रही है। बेटी नंदनी वहन के घर में ही है। आशंका लगाई जा रही है वो बेटी को बहन के घर में छोड़कर किसी साथ चला गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।