पुण्यतिथि पर राजीव गांधी को कांग्रेसियों ने किया याद
जागरण संवाददाता उरई
पुण्यतिथि पर राजीव गांधी को कांग्रेसियों ने किया याद
जागरण संवाददाता, उरई : पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 32वीं पुण्यतिथि को कांग्रेसियों ने शहादत दिवस के रूप में मनाया। उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष दीपांशु समाधिया ने जिला अस्पताल में कांग्रेसियों के साथ मिलकर मरीजों को फल वितरित किए। पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी ने कहा कि कंप्यूटर एवं संचार क्रांति उन्हीं की देन है। इससे आज घर बैठे ही देश दुनिया की हम सबको जानकारी मिल रही है। कहा कि वह देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई ऐसे काम किये, जिससे उन्हें 21वीं सदी के भारत के निर्माता के रूप में भी जाना जाता है। इस दौरान अनुज मिश्रा, शकुंतला पटेल, उर्मिला खाबरी, सिद्धार्थ दिवोलिया आदि लोग उपस्थित रहे। वहीं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि को शहादत दिवस के रूप में मनाते हुए लहारिया पुरवा स्थित नेत्रहीन स्कूल में बच्चों को फल आदि का वितरण किया गया। इस अवसर पर रेहान सिद्धिकी, राज कुमार वर्मा, सुरेश दीक्षित, अवतार सिंह आदि मौजूद रहे। कोंच में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरोजिनी नायडू पार्क में स्व. राजीव गांधी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर अखिल बैद, नारायण दीक्षित जाहिद अली सहित दर्जनों कांग्रेसी मौजूद रहे।