पत्नी संग जा रहे युवक को मारी गोली, गंभीर
हाथरस के हसायन नगला अडू निवासी 30 वर्षीय पंकज कुमार को मंगलवार सुबह बाइक सवार युवक ने नारखी क्षेत्र के असन गांव के पास गोली मार दी। वह पत्नी के साथ बाइक से ससुराल से घर लौट रहा था। असन गांव के पास उसकी पत्नी लघुशंका कर रही थी इस बीच एक बाइक पर दो युवक पहुंचे और इनमें से एक ने पंकज को गोली मार दी। सीने में गोली लगने से घायल युवक को यूपी 100 पुलिस आनन-फानन में सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंची। यहां से उसे आगरा रेफर कर दिया गया। देर शाम उसका एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया।
जागरण संवाददाता, फीरोजाबाद: सिरसागंज स्थित ससुराल से पत्नी संग बाइक से हाथरस लौट रहे युवक को बाइकसवार युवकों ने गोली मार दी। नारखी क्षेत्र में वारदात को अंजाम देकर वे भाग गए। पत्नी ने यूपी 100 को फोन किया। युवक को गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है। फिलहाल हमलावरों का कोई सुराग नहीं लगा है।
हाथरस के हसायन, नगला अडू निवासी 30 वर्षीय पंकज कुमार की शादी 26 जनवरी 2019 को सिरसागंज की शालू से हुई थी। होली पर शालू अपने मायके आई थी। पंकज बाइक से विदा कराने सोमवार को सिरसागंज पहुंचा। मंगलवार सुबह लगभग नौ बजे वह शालू के साथ बाइक से रवाना हुआ। लगभग दस बजे नारखी के असन गांव के पास शालू ने लघुशंका के लिए बाइक रुकवाई। इसी बीच बाइक सवार दो युवक आए और बाइक पर बैठे पंकज के सीने में गोली मार दी। इसके बाद वह भाग निकले। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। यूपी 100 की गाड़ी घायल को ट्रॉमा सेंटर ले गई। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर उत्तर सतेंद्र सिंह राघव और इंस्पेक्टर नारखी लोकेंद्र सिंह सेंटर पहुंचे और शालू से घटना की जानकारी ली। हालत गंभीर होने पर उसे आगरा रेफर कर दिया। एसपी सिटी ने बताया कि घायल को आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। देर शाम उसका ऑपरेशन किया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। आरोपितों की तलाश की जा रही है।