निकली धूप तो भागे बादल, सर्दी सहमी
मौसम का हाल सुबह बादल छंटने से साफ रहा मौसम मगर ठिठुराती रही शीत लहर।
संवाद सहयोगी, हाथरस : कई दिन के इंतजार के बाद गुरुवार को सूर्य देव बादलों को चीरकर बाहर निकले। धूप खिली तो ठंड से थोड़ी राहत मिली। मौमस साफ रहने से कोहरा भी गायब हो गया। सड़कों पर वाहन फर्राटें भरते नजर आए। इस बीच पूरे दिन चलती रही शीतलहर गुनगुनी धूप के आनंद में खलल डालती रही।
कई दिन से कोहरा और बादलों के चलते मौसम के मिजाज बिगड़े हुए थे। पूरे दिन धूप के दर्शन नहीं हो पा रहे थे। इस बीच बारिश ने भी सर्दी को खाद-पानी देने का काम किया। गुरुवार को सुबह आंखें खुलीं तो लगा की दिन चढ़ गया है। कई दिन से बादलों के छाए रहने व कोहरे में दिन ही नहीं मालूम पड़ता था। धूप निकलने से लोगों के चेहरों पर रौनक दिखी। लोग धूप सेंकने के लिए छतों पर आ गए। बच्चे भी घरों से बाहर निकलकर खेलने कूदने में जुट गए। शीतलहर का कहर जारी
धूप भले ही निकल रही हो पर सुबह से ही शीतलहर चलने लगी थी। बर्फीली हवाओं ने लोगों को परेशान कर रखा था। घरों में व घरों के बाहर सुबह के समय अलाव जलाकर लोग सर्दी से बचने का प्रयास कर रहे थे। वहीं मौसम साफ रहने से किसानों ने भी खेतों पर जाकर फसलों का हाल देखा। धूप निकलने के बाद भी अधिकतम तापमान 17 व न्यूनतम छह डिग्री सेल्सियस ही रहा। बाजारों में दिखी रौनक
कड़ाके की ठंड ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर रखा था। लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया था। गुरुवार को धूप निकलने से बाजारों में दुकानें खुल गईं। ग्राहकों का निकलना भी शुरू हो गया। इन दिनों सहालग चल रहे हैं। इन्हें लेकर लोग खरीदारी करने बाजारों में दिख रहे थे। कपड़े, सराफा व अन्य दुकानों पर भी ग्राहकों के पहुंचने से दुकानदारों के चेहरों पर रौनक दिखी।