फसलों की सिचाई के लिए जल का संरक्षण भी जरूरी
सरकारी योजनाओं के लिए चलाए जाएं जागरूकता अभियान - फसल बीमा के लिए केसीसी के अनुसार किसान उगाएं फसल
संवाद सहयोगी, हाथरस : सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने को कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर निकलना होगा। इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर गोष्ठियों का आयोजन न्याय पंचायत स्तर करना होगा। इनमें संबंधित अधिकारियों द्वारा सहभागिता करते हुए उन्नत पैदावार के माध्यम से आय बढ़ाने के उपाय किसानों को सुझाने होंगे।
अलीगढ़ रोड स्थित कृषि उपनिदेशक कार्यालय में शुक्रवार को हुई समीक्षा बैठक में ये बातें कही गईं। मंडलायुक्त की बैठक से लौटे जिला कृषि रक्षा अधिकारी यतेंद्र सिंह ने कर्मचारियों से कहा कि सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ किसानों को समय से नहीं मिल पा रहा है। इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, किसान पेंशन, कृषि संयत्र आदि योजनाएं शामिल हैं। इनके संबंध में शिकायतें विभागीय अधिकारियों को आए दिन मिलती रहती हैं। कहा कि फसल की सिचाई हेतु पर्याप्त मात्रा में पानी मिल सके इसके लिए वाटर रिचार्ज की व्यवस्था होनी चाहिए। बारिश का पानी संग्रह होने से उसका प्रयोग सिचाई के लिए किया जा सकेगा। इसके माध्यम से किसानों को जल संरक्षण के लिए भी प्रोत्साहित किया जा सकेगा। जानकारी के अभाव में किसान दूसरी फसल करने लगते हैं। इसके चलते फसल बीमा के लाभ से वह वंचित हो जाते हैं। इसके लिए उन्हें केसीसी में लिखी फसल को करने की जानकारी विभागीय कर्मचारियों द्वारा किसानों को देनी होगी। बैठक में सीपी शर्मा, डा. जेके शर्मा, श्रीनिवास पचौरी, मनीष जैन आदि मौजूद थे।