देहात में भी मतदाताओं ने खूब दिखाया जोश
देहात क्षेत्र में भी मंगलवार को एमएलसी चुनाव के लिए जबरदस्त जोश देखने को मिला। युवाओं के साथ महिलाएं बुजुर्ग व दिव्यांगजन भी काफी उत्साहित नजर आए। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त रहे। कोरोना के नियमों का पालन किया गया।
जागरण टीम, हाथरस: देहात क्षेत्र में भी मंगलवार को एमएलसी चुनाव के लिए जबरदस्त जोश देखने को मिला। युवाओं के साथ महिलाएं, बुजुर्ग व दिव्यांगजन भी काफी उत्साहित नजर आए। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त रहे। कोरोना के नियमों का पालन किया गया।
सिकंदराराऊ : गौरीशंकर हिदू इंटर कॉलेज स्थित मतदान केंद्र पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। शिक्षक के लिए 53.27 तथा स्नातक के लिए 43.94 प्रतिशत मतदान हुआ। एडीएम जेपी सिंह तथा एएसपी प्रकाश कुमार ने दौरा कर मतदान का जायजा लिया। गांव पिपलगवा की आशा कार्यकर्ता अनीता पाल अपने छोटे बच्चे के साथ ड्यूटी दे रही थीं। एसडीएम विजय कुमार शर्मा, सीओ सुरेंद्र सिंह, कोतवाल प्रवेश राणा एवं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी डॉ ब्रजेश कुमार मतदान के दौरान पूरे समय मौजूद रहे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विवेक यादव की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम मतदाताओं की थर्मल स्क्रीनिग की।
सादाबाद : एमएलसी चुनाव के लिए मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। पर्यवेक्षक और एसडीएम राजेश कुमार ने मतदान केंद्र का निरीक्षण करते हुए जरूरी निर्देश दिए। मतदान के दौरान सामाजिक दूरी का पालन करने और मास्क के प्रयोग पर भी पुलिस प्रशासन का जोर रहा। शिक्षक के लिए 472 मतदाताओं में से 342 ने मतदान किया, जबकि स्नातक के लिए 1786 मतदाताओं में से महज 721 लोगों ने वोट किया।
सासनी : केएल जैन इंटर कालेज पर बने मतदान केंद्र पर स्नातक के लिए 46.8 प्रतिशत और शिक्षक के लिए 69.51 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के दौरान प्रेक्षक नीना शर्मा एवं अपर आयुक्त शमीम अहमद ने निरीक्षण लिया। एसडीएम राजकुमार यादव , क्षेत्राधिकारी शैलेंद्र कुमार बाजपेयी, सेक्टर मजिस्ट्रेट कृषि डीडी एचएन सिंह ने केंद्र की निगरानी की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैनिटाइज कर थर्मल स्क्रीनिग के साथ वोटरों को प्रवेश दिया।
मुरसान : विकास खण्ड कार्यालय परिसर में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। स्नातक पद के लिए 42.38 व शिक्षक पद पर 65.62 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सांसद राजवीर सिंह दिलेर, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव आर्य सहित कई अन्य नेताओं ने मतदाताओं का उत्साहवर्धन किया।
हसायन: विकास खंड कार्यालय में एमएलसी के लिए मतदान शांतिपूर्ण रहा, जिसमें स्नातक का प्रतिशत 43.58 व स्नातक के लिए 70.45 फीसद मत पड़े। सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त रहे। महिलाओं में भी विशेष उत्साह रहा, वे घूंघट में मतदान करने आईं। अधिकारियों ने निरीक्षण किया। विधायक वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा नेता तेजवीर सिंह सिसोदिया, चेयरमैन पति चंद्रप्रकाश माहौर, दीपक उपाध्याय, यादराम सिंह छोकर, भगवान सिंह बघेल उपस्थित रहे।
सहपऊ : विकास खंड कार्यालय परिसर पर बने मतदान केंद्र पर स्नातक पद के लिए 56.1 प्रतिशत व शिक्षक पद के लिए 75 फीसद मतदाताओं ने भागीदारी की। सीडीओ आरबी भास्कर, एसडीएम सादाबाद राजेश कुमार, सीओ सादाबाद ब्रह्म सिंह, इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश व सेक्टर मजिस्ट्रेट बी गोयल भ्रमण पर रहे। सांसद राजवीर दिलेर, भाजपा नेता प्रीति चौधरी, भाजपा जिला मंत्री डॉ. मथुरा प्रसाद गौतम, सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामजीलाल सुमन, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष मनोज यादव, सपा नेता शैलेंद्र यादव आदि ने लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया।