थानों, टोल और सार्वजनिक स्थलों पर लगाए विकास दुबे के पोस्टर
कानपुर के बिकरू में पुलिसटीम पर हमले में ढाई लाख के इनामी की सूचना देने वाले की गुप्त रखी जाएगी सूचना
जासं, हाथरस : कानपुर क्षेत्र के बिकरू गांव में सीओ सहित आठ पुलिसकर्मियों की हत्या करने के आरोपित विकास दुबे पर ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया है। कुख्यात के पोस्टर थानों, टोल प्लाजा, एटीएम और सार्वजनिक स्थानों पर लगा दिए गए हैं। उसकी खबर देने वाले की पहचान पुलिस गुप्त रखेगी।
कानपुर में पुलिसकर्मियों की हत्या करने वाले विकास दुबे की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है। इसी क्रम में हाथरस जनपद में भी पुलिस अधिकारियों को सचेत किया गया है। पुलिस मुख्यालय से जारी निर्देशों के अंतर्गत हाथरस शहर, हाथरस गेट, सादाबाद समेत जिलेभर के थानों में पुलिस विकास दुबे के पोस्टर चस्पा कर दिए हैं। इसके साथ ही फ्लैक्स बनाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, एटीएम, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन आदि सार्वजनिक जगहों पर लगाए गए हैं। हाथरस में आगरा रोड स्थित ब्रजभूमि एक्सप्रेस-वे के टोल प्लाजा पर प्रत्येक लाइन में इसके फ्लैक्स लगवाए गए हैं। अपील की गई है कि ढाई लाख के इनामी विकास दुबे के संबंध में जो भी व्यक्ति सूचना देगा उसका नाम गुप्त रखा जाएगा।