कोई करोड़पति तो कोई लाखों का मालिक
जमा किए गए नामांकन पत्र में दी गई है पूरी जानकारी किसी प्रत्याशी पर नहीं है कोई मुकदमा शपथपत्र में दावा।
जागरण संवाददाता, हाथरस : भाजपा के सादाबाद सीट से प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय, सादाबाद सीट से बसपा प्रत्याशी डा. अविन शर्मा व सिकंदराराऊ सीट से बसपा प्रत्याशी अवधेश सिंह समेत जिन पांच लोगों ने शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल किए हैं, उनमें से कोई लखपति है तो कोई करोड़पति।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट में आकर कुल चार प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए, जबकि रामवीर उपाध्याय ने आन लाइन नामांकन किया। नामांकन पत्र के अनुसार सादाबाद से बसपा प्रत्याशी डा. अविन शर्मा लखपति हैं। उनके नाम करीब 67 लाख रुपये की संपत्ति है। वहीं उनकी पत्नी के नाम 9.70 लाख की चल-अचल संपत्ति है। अविन के नाम एक फार्चूनर कार, एक मैसी ट्रैक्टर और 100 ग्राम सोना है। उन्होंने बीडीएस की पढ़ाई की है। उनकी वार्षिक आाय एक लाख 30 हजार रुपये दर्शायी गई है। इनके अलावा सिकंदराराऊ से बसपा प्रत्याशी अवधेश सिंह 15.67 करोड़ की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। साढे छह करोड़ की चल-अचल संपत्ति उनकी पत्नी के नाम है। हिदू अविभक्त कुटुंब के तहत उन्होंने 12 करोड़ की संपत्ति दर्शायी है। इसके अलावा डेढ़ किलो सोने के जेवरात, एक ट्रैक्टर, एक रिवाल्वर का लाइसेंस भी है।
सादाबाद विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय के नाम दो जिप्सी कार, एक अंबेसडर और एक ट्रैक्टर है। वहीं उनकी पत्नी सीमा उपाध्याय के नाम दो स्कार्पियो और एक फार्चूनर कार है। रामवीर पर 550 ग्राम और सीमा उपाध्याय के नाम डेढ़ किलो सोना है। रामवीर पर एक रायफल, एक डबल बैरल, एक माउजर और सीमा उपाध्याय के नाम रायफल, बंदूक और एक रिवाल्वर का जिक्र घोषणा पत्र में किया गया है। रामवीर के नाम 1.2 करोड़ और सीमा उपाध्याय के नाम 1.5 करोड़ की चल-अचल संपत्ति है।